भारी बारिश से नदी नाला उफान पर, कोबरा बटालियन का जवान बह गया, फोर्स ने चलाया अभियान बीजापुर। जिले में गुरुवार को झमाझम बारिश हुई, जिससे नदी नाले उफान पर आ गए हैं। इसी दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। गश्त से लौट रहा कोबरा 210 बटालियन का एक जवान उफनती गुटरा पहाड़ी नाला में बह गया। जवान का नाम सूरज आर. है। जवान केरल का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि नाला पार करते वक्त जवान तेज बहाव में बह गया। जवान की खोजबीन की जा रही है। बीजापुर मुख्यालय में सीआरपीएफ डीआईजी कोमल सिंह ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्हों ने कहा है कि इस जवान के बारे जानकारी ली जा रही है। सीआरपीएफ के डीआईजी के अनुसार यह घटना सुबह सुबह हुई है, जब कोबरा के जवान नाला पार कर रहे थे, इसी समय नाले के पानी का बहाव बहुत तेजी से बढ़ गया। इस घटना की अभी विस्तृत जानकारी आनी बाकी है, क्योंकि सिलगेर क्षेत्र सुकमा बीजापुर की सीमा में आता है। घटना दूरस्थ क्षेत्र में हुई इसलिए पुलिस के अधिकारी भी पूरी जानकारी नहीं दे पा रहे है। बता दें कि आपरेशन मानसून के तहत गुरुवार रात को तर्रेम कैंप से कोबरा 210 बटालियन के जवान गश्त पर गए थे। जवानों ने एंबुश लगाया किंतु सफलता नहीं मिली। रात में बीजापुर जिले में मूसलाधार बारिश हुई जिससे नदी नाले उफान पर आ गए और जवान फंस गए। सुबह जवान रस्सी के सहारे गुटरा नाला पार कर रहे थे तभी एक जवान तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। कृषि विज्ञान केन्द्र के भीरेंद्र पालेकर ने बताया कि बीजापुर में एक रात में बारिश का रिकार्ड टूट गया है। उन्होंने बताया कि एक रात में 142 मिमी बारिश हुई जोकि अब तक हुई बारिश से सबसे ज्यादा है।