जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक, कल राष्ट्रीय शोक दिवस

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का निधन, भरी सभा में मारी थी गोली  डेस्क। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का आज निधन हो गया है। उनको आज सुबह दो गोलियां मारी गई थीं। हमले के बाद से ही उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। गोली लगने के बाद उनको हार्ट अटैक भी आया था, इसके साथ ही उनका काफी खून भी बह गया था। शिंजो आबे को बचाने की पूरी कोशिश की जा रही थी, लेकिन डॉक्टर्स को इसमें सफलता नहीं मिली। बता दें कि शिंजे आबे को गोली मारने वाला हत्यारा पकड़ा जा चुका है। उसे हमले के तुरंत बाद घटनास्थल से ही पकड़ लिया गया था। संदिग्ध हत्यारे का बयान भी सामने आया है। जापान की पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने बताया कि वह शिंजो आबे की जान लेना चाहता था क्योंकि वह कई बातों को लेकर शिंजो से संतुष्ट नहीं था। जापान में यह वारदात उस वक्त हुई जब पूर्व पीएम जापान के नारा शहर में चुनावी प्रचार कर रहे थे। यहां रविवार को उच्च सदन का चुनाव होना है। शिंजो आबे के भाषण के दौरान ही हमलावर ने दो गोली चलाई। पहली गोली आबे के सीने के आरपार हो गई। दूसरी उनकी गर्दन पर लगी। इसके बाद वह वहीं गिर गये और आसपास भगदड़ मच गई। इस बीच शिंजो को हार्ट अटैक भी आ गया। इस बाद मौके पर ही CPR देकर उनकी जान बचाने की कोशिश भी हुई। बाद में उनको एयरलिफ्ट करके हॉस्पिटल पहुंचाया गया। लेकिन उनको बचाया नहीं जा सका। शिंजो आबे पर हमले के बाद पूरे जापान में गम का माहौल है। पीएम फुमिओ किशिदा भी इसपर बात करते हुए भावुक हो गये।

पीएम मोदी ने राष्ट्रीय शोक का किया ऐलान

पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कल यानि 9 जुलाई को एक दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है। जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे के निधन पर पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'मिस्टर आबे के साथ मेरा जुड़ाव कई साल पुराना है। मैं गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें जानता था और मेरे पीएम बनने के बाद भी हमारी दोस्ती जारी रही। अर्थव्यवस्था और वैश्विक मामलों पर उनकी तीक्ष्ण अंतर्दृष्टि ने हमेशा मुझ पर गहरी छाप छोड़ी।'