कोरबा। जिले से हत्या की दर्दनाक खबर सामने आई है। खबर सूनकर हर किसी का दिल दहल गया। दरअसल, कोयलांचल कुसमुंडा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर डीएमक्यू क्वार्टर में एक महिला और लड़की की नृशंस हत्या कर दी गई। दोनों की लाश बाथरूम में खून से लथपथ बरामद हुई है। इस कत्ल से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, एसईसीएल कुसमुंडा में पदस्थ कर्मचारी आर के दास की पत्नी और बेटी की रक्तरंजित लाश घर के बाथरूम में मिली है। दोनों की हत्या किसने और क्यों की है, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि एसईसीएल कर्मी सुबह ड्यूटी पर गए हुए थे। घर पर पत्नी और बेटी मौजूद थी। इसी दौरान अज्ञात शख्स ने घर में दाखिल होकर एसईसीएल की पत्नी और बेटी की हत्या कर दी। इसके बाद लाश बाथरूम में छिपाकर फरार हो गया। घटना की जानकारी जैसे की कॉलोनी के लोगों को हुई, तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। इधर, मामले की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची है। डॉग स्क्वायड एवं फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। मामले की जांच जारी है। हत्या को लेकर पुलिस अलग-अलग एंगल से तफ्तीश कर रही है।