छत्तीसगढ़-ओडिशा बार्डर पर मुठभेड़, जवानों ने मार गिराया एक नक्सली, बैकअप फोर्स रवाना

छत्तीसगढ़-ओडिशा बार्डर पर मुठभेड़, जवानों ने मार गिराया एक नक्सली, बैकअप फोर्स रवाना रायपुर। छत्तीसगढ़ से लगे ओडिशा बार्डर पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच शुक्रवार को कई घंटों से मुठभेड़ जारी है। इस दौरान जवानों एक नक्सली को मार गिराया है।  इस मुठभड़े को देखते हुए छत्तीसगढ़ में भी अलर्ट कर दिया गया है। वहीं गरियाबंद से बैकअप फोर्स भेजी गई है। बताया जा रहा है कि दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है। जानकारी के अनुसार, ओडिशा के बोडेन से CRPF जवान शुक्रवार सुबह सर्चिंग पर निकले थे। इस दौरान सुबह करीब 11 बजे नुवापाड़ा-गरियाबंद जिले से लगे मटाल और डड़ईपानी के जंगलों में घात लगाए बैठे नक्सलियों ने हमला कर दिया। इस पर जवानों की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि वहां बड़ी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। इसके बाद छत्तीसगढ़ से भी बैकअप फोर्स को रवाना किया गया है। मुठभेड़ की पुष्टि एसएसपी चंद्रेश ठाकुर ने की है। उन्होंने मीडिया को बताया कि मुठभेड़ अभी चल रही है। ओडिशा से CRPF को सूचना भेजी गई थी। स्थिति को देखते हुए गरियाबंद CRPF को भी अलर्ट कर दिया गया है। जवानों की एक टुकड़ी कुल्हाड़ीघाट कैंप से बार्डर की ओर भी निकल गई है। इस दौरान एक नक्सली के भी मारे जाने की खबर आ रही है। हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। फिलहाल बार्डर इलाके में अलर्ट कर गश्त बढ़ा दी गई है।