अमरनाथ गुफा में फटा बादल, 16 श्रध्दालुओं की मौत, 4 लोग घायल, कई लापता

अमरनाथ गुफा में फटा बादल, 16 श्रध्दालुओं की मौत, 4 लोग घायल, कई लापता  श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ गुफा के पास शुक्रवार शाम बादल फटने से बड़ा हादसा हो गया। भारी सैलाब में कई श्रद्धालु बह गए। अब तक 16 लोगों के मरने की पुष्टि हो चुकी है। 45 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। जबकि 40 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। इनकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। मौके पर आईटीबीपी और एनडीआरएफ की टीमें डटी हैं। देर रात तक राहत और बचाव कार्य चलता रहा। शनिवार सुबह से एक बार फिर ऑपरेशन में तेजी लाई जा रही है। पुलिस और एनडीआरएफ अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि दक्षिण कश्मीर में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा के पास भारी बारिश के बीच शाम करीब साढ़े पांच बजे बादल फटा था। उसके बाद पहाड़ की ढलानों से पानी और गाद की मोटी धारा घाटी की ओर बहने लगी। इसकी चपेट में आकर गुफा के बाहर आधार शिविर में बने 25 टेंट और तीन सामुदायिक रसोईघर नष्ट हो गए।  राहत और बचाव कार्यों में सेना, बीएसएफ, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जम्मू-कश्मीर प्रशासन और अन्य अधिकारी कर्मचारियों को लगाया गया है। जम्मू कश्मीर प्रशासन ने बचाव अभियान के लिए उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर भी लगाये हैं। सेना की तरफ से बताया गया कि राहत और बचाव कार्यों में 6 टीमें जुटी हुई हैं। खोजी डॉग स्क्वॉड की दो टीमें भी रेस्क्यू मिशन में लगाई गई हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा खुद पल पल की जानकारी ले रहे हैं। एएनआई ने बताया कि कश्मीर में सभी स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और उन्हें तुरंत ड्यूटी जॉइन करने के लिए कहा गया है। श्रीनगर, बांदीपुरा, बारामूला और बडगाम के सीएमओ से डॉक्टरों और पैरामैडिकल स्टाफ की अतिरिक्त टीमें बालटाल भेजने के लिए कहा गया है। दवा और इमरमेंजी मेडिकल किट भी मंगवाई गई हैं। गांदरबल के सीएमओ डॉ. ए. शाह ने शुक्रवार को बताया था कि इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है और 48 अन्य जख्मी हैं। घायलों का ऊपरी पवित्र गुफा, निचली पवित्र गुफा और पंजतरणी में बने बेस अस्पतालों में इलाज चल रहा है। अमरनाथ यात्रा के दौरान हुए हादसे के बाद जम्मू कश्मीर सरकार की तरफ से लोगों की सहूलियत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। कहा गया है कि किसी भी तरह की मदद के लिए इनसे संपर्क किया जा सकता है। पहलगाम में जॉइंट पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर हैं- 09596779039, 09797796217, 1936243233, 01936243018. इसके अलावा, अनंतनाग पुलिस कंट्रोल रूम से 09596777669, 09419051940, 01932225870 और 01932222870 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।