ENG vs IND: भारत ने इंग्लैंड को 10 विकेट से हराया, इस जीत मेें बने कई रिकार्ड, जानिए स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने इंग्लैंड को पहले वनडे में 10 विकेट से धुल चटाकर तीन मैच की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली। टीम इंडिया की इस जीत के हीरो जसप्रीत बुमराह के साथ कप्तान रोहित शर्मा रहे। बुमराह ने वनडे क्रिकेट में अपना करियर बेस्ट परफॉर्मेंस देते हुए 6 विकेट चटकाए। बुमराह की घातक गेंदबाजी के दम पर ही भारत इंग्लैंड को 110 रनों पर समेटने में कामयाब रहा था। 111 रनों के लक्ष्य को टीम इंडिया ने 18.4 ओवर में हासिल कर लिया। रोहित ने इस दौरान 58 गेंदों पर 76 रनों की पारी खेली, वहीं धवन ने 31 रन बनाए। जसप्रीत बुमराह को उनके लाजवाब प्रदर्शन की वजह से मैन ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टीम ने तीन ओवर के अंदर ही अपने शीर्ष तीन खिलाड़ियों के विकेट गंवा दिए थे। दिलचस्प बात ये रही कि ये तीन खिलाड़ी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पारी के दूसरे ओवर में ही जेसन रॉय और जो रूट को आउट करके इंग्लैंड को बड़े झटके दिए। अगले ही ओवर में मोहम्मद शमी ने बेन स्टोक्स को भी पवेलियन भेज दिया। 16 गेंदों के अंदर ही मेजबान ने 7 के स्कोर पर ही अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। टेस्ट क्रिकेट में शानदार फॉर्म में रहे जॉनी बेयरस्टो भी ज्यादा कमाल नहीं कर सके और 20 गेंद में 7 रन बनाकर चौथे विकेट के रूप में गिरे। लियाम लिविंगस्टोन भी कुछ देर बाद पवेलियन लौट गए। उन्हें जसप्रीत बुमराह ने बोल्ड आउट किया। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने मोईन अली को आउट करके इंग्लैंड को छठा झटका दिया। शमी ने कप्तान जोस बटलर को आउट करके भारत को सातवीं सफलता दिलाई। शमी ने फिर ओवरटन को बोल्ड किया। जिसके बाद एक बार फिर बुमराह गेंदबाजी के लिए लौटे और उन्होंने विली और कार्स को आउट करके इंग्लैंड की पारी का अंत किया। इंग्लैंड की टीम ने 25.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 110 रन बनाए। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 19 रन देकर 6 विकेट झटके, जोकि उनका वनडे में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। उपमहाद्वीप में वनडे मैचों में एक भारतीय गेंदबाज द्वारा ये सर्वश्रेष्ठ आंकड़े हैं। इससे पहले आशीष नेहरा ने डरबन में 2003 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ 23 रन देकर 6 विकेट लिए थे। इस मैच में बने कुछ बड़े रिकॉर्ड्स-