शक में प्यार का अंत: हथौड़ा और ब्लेड से प्रेमिका की हत्या, फिर प्रेमी ने लगा ली फांसी, सुसाइड नोट में लगाया आरोप

शक में प्यार का अंत: हथौड़ा और ब्लेड से प्रेमिका की हत्या, फिर प्रेमी ने लगा ली फांसी, सुसाइड नोट में लगाया आरोप रायपुर। एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस टीम ने मौके पर एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। इसमें मृतक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका का दूसरे से प्रेम संबंध होने की बात कही। इसी संदेह में उसकी हत्या करने की बात कबूल की है। घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के बंधवापारा की है। जानकारी के अनुसार, दुर्ग पाटन के ग्राम फेकरी की रहने वाली अर्चना साहू डायल 112 रायपुर में जॉब करती थी। वह पुरानी बस्ती में किराए के मकान में रह रही थी। युवती और उसके प्रेमी का शव आज सुबह कमरे में मिला, जिसकी जानकारी पड़ोसियों ने पुरानी बस्ती पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें प्रेमी कमलेश साहू के द्वारा अपनी प्रेमिका का किसी और युवक के साथ प्रेम संबंध का जिक्र किया है। सुसाइड नोट के मुताबिक, आरोपी कमलेश साहू भी फेकारी गांव का निवासी था, और 33 केवी पुलगांव दुर्ग सब स्टेशन में पदस्थ था। मृतका अर्चना साहू के साथ उसका 12 वर्षों से प्रेम संबंध था। नौकरी लग जाने के कारण कुछ समय से अर्चना रायपुर में रह कर काम कर रही थी। वहीं कमलेश भी उससे मिलने आया जाया करता था। कमलेश को कुछ समय से अपनी प्रेमिका का दूसरे युवक के साथ प्रेम संबंध को लेकर शक था। इस बात को लेकर दोनों में विवाद भी होता था। 12 जुलाई को वो अपने प्रेमिका के कमरे पुरानी बस्ती बंधवापारा में था। इस दौरान रात साढ़े 3 बजे दोनों का इसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी प्रेमी ने हथौड़ी से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इसके बाद भी युवती नहीं मरी तो घर मे रखे ब्लेड से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। इसे पूरे मामले की जांच में पुलिस जुट गई है।