भूपेश कैबिनेट की बैठक शुरू, होंगे कई अहम फैसले, खाद किल्लत समेत इन विषयों पर होगी चर्चा

भूपेश कैबिनेट की बैठक शुरू, होंगे कई अहम फैसले, खाद किल्लत समेत इन विषयों पर होगी चर्चा रायपुर। भूपेश कैबिनेट की अहम बैठक शुरू हो गई है। मानसून सत्र के पहले कैबिनेट की ये दूसरी बैठक है, इसलिए इसमें कई बड़े फैसले होने की संभावना जताई जा रही है। बैठक में आज मानसून सत्र की तैयारी पर चर्चा की जायेगी। वहीं मछुआ नीति को भी आज की बैठक में मंजूरी दी जायेगी। पिछले दिनों कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अगली कैबिनेट में मछुआ नीति को मंजूरी दी जायेगी। अनुपूरक बजट को भी मंजूरी दी जायेगी। खाद की किल्लत को लेकर आज कैबिनेट में चर्चा होगी। वहीं कोरोना के बढ़े मामले के बीच प्रदेश में सख्ती बढ़ाने को लेकर भी आज की कैबिनेट में चर्चा हो सकती है। वहीं सबसे ज्यादा उम्मीदें कर्मचारी वर्ग को है, जो ट्रांसफर नीति का इंतजार कर रहा है। पिछली बैठक में भी कर्मचारी कैबिनेट से ट्रांसफर पर खुलने का इंतजार कर रहा था, लेकिन उस पर कोई निर्णय नहीं हुआ। लिहाजा ये माना जा रहा है कि आज की बैठक में ट्रांसफर पर बैन हटाने का कैबिनेट फैसला ले सकती है। शिक्षा विभाग की तरफ से काफी पहले ट्रांसफर पर बैन हटाने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। मंत्री अमरजीत भगत ने बताया कि बैठक में प्रदेश के हितों से जुड़े मुद्दे पर अहम फैसले लिए जाएंगे। वहीं उन्होंने गुजरात चुनाव को लेकर कहा कि बीजेपी के हाईकमान को इन पर (छत्तीसगढ़ के नेता) भरोसा नहीं है, इसलिए कोई जिम्मेदारी नहीं देता। कांग्रेस में हाईकमान को हम पर भरोसा करता है, इसलिए हमें विभिन्न राज्यों की जिम्मेदारी मिलती है। वहीं द्रौपदी मुर्मू के दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भी अतिथि आए, उनका स्वागत छत्तीसगढ़ी संस्कृति से किया जाएगा। जहां तक द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की बात है तो उसका निर्णय पार्टी लेगी।