भाजपा नेताओं का राजभवन मार्च, राज्यपाल से बोले- प्रदेश में कानून व्यवस्था ठप, बलात्कार की घटनाएं बढ़ी

रायपुर। अकलतरा में बलात्कार की घटना को लेकर प्रदेशभर के भाजपा नेताओं ने आज राजधानी रायपुर में राजभवन तक मार्च किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य में कानून व्यवस्था ठप होने का आरोप लगाया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद राज्यपाल अनुसुइया उइके से मुलाकात की। भाजपा नेताओं ने राज्यपाल को बताया कि जांजगीर के अकलतरा विधानसभा में हुए निर्भया पार्ट-2 की जघन्य घटना तथा राज्य में हो रही दुष्कर्म की घटनाओं पर सरकार की उदासीनता से अवगत कराते हुए मातृ शक्ति की सुरक्षा के प्रति चिंता व्यक्त की। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल, सांसद सुनील सोनी, राज्यसभा सांसद डॉ सरोज पांडे, पूर्व मंत्री केदार कश्यप, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, समेत महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू सहित सांसद, भाजपा विधायक उपस्थित थे।  बाद में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में लगातार अनाचार व अपराध के मामले बढ़ते जा रहे है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ठप है। इन्हीं बातों को लेकर राज्यपाल से मुलाकात कर हमने प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था करने की मांग की। इसके अलावा सरगुजा में हुए बलात्कार की घटना ओर राज्यपाल का ध्यान आकृष्ट किया। मामले की जांच, आरोपियों के खिलाफ कार्यवाई और सजा देने की मांग की। साय ने कहा, जांजगीर में निर्भया कांड जैसी घटना के बाद से आज तक प्रदेश सरकार के कोई भी मंत्री व नेता ने जांजगीर जाकर पीड़िता के परिवार वालों से न तो मुलकात की और न ही कोई बातचीत की। अगर कोई घटना गैर कांग्रेस शासित राज्यों में होती है तो कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता भी वहां जाकर राजनीती करने लगते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेश में अघोषित आपातकाल लगाकर रखे हैं, जिसके कारण पीड़िता को न्याय मिलने में विलंब हो रहा है। पीड़िता को तत्काल न्याय मिले जिसके लिए फास्टटैग कोर्ट में मामला चलाने की मांग करते हुए राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी, प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव, राजीव कुमार अग्रवाल,अमित चिमनानी, केदार गुप्ता, प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास प्रवक्ता राजेश मूणत, मीडिया प्रभारी नलिनेश ठोकने, रणविजय सिंह जूदेव अजय चंद्राकर, मिर्जा बेग सहित अनेक नेतागण उपस्थित थे। 

भाजपा राज में लोगों की इज्जत, पैसा  सब गया, पर कार्यवाई नही हुई : कांग्रेस प्रवक्ता

इस मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष और मुख्य प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में भाजपा मुद्दा विहीन हो गई है। सब जानते हैं कि भाजपा के 15 साल के राज में कानून व्यवस्था कितनी बिगड़ी हुई थी. झलियामारी कांड आज भी लोगों को याद है। महिलाओं के साथ बलात्कार होते थे और कई सप्ताह तक रिपोर्ट दर्ज नहीं होती थी।  शुक्ला ने कहा कि राजधानी रायपुर में महिला सिपाही के साथ बलात्कार हुआ था। सप्ताहभर तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। एक सूदखोर की बीवी के साथ भी बलात्कार हुआ था लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसलिए बीजेपी किस नैतिकता के साथ राजभवन का मार्च कर रही है? शुक्ला ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में 20,000 से ज्यादा बच्चियां गायब हो गई थी जिनका कुछ पता नहीं चला। उन्होंने कहा कि चिटफंड कंपनियां अरबों रुपए लेकर आम नागरिकों का फरार हो गई लेकिन रमन सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। हमारी सरकार में अपराध तुरंत कायम हो रहे हैं, अपराधी गिरफ्तार हो रहे हैं और लोगों का पैसा भी वापस मिल रहा है।