राष्ट्रपति चुनाव के लिए आज मतदान, सांसद और विधायक करेंगे वोटिंग

राष्ट्रपति चुनाव के लिए आज मतदान, सांसद और विधायक करेंगे वोटिंग नई दिल्ली। देश के 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए आज मतदान होगा। संसद और तमाम राज्यों की विधानसभाओं में करीब 4,800 सांसद और विधायक मतदान करेंगे। ये मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। इस चुनाव में NDA की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू हैं, जबकि विपक्षी दलों के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा हैं। वोटों की गिनती 21 जुलाई को होगी और 25 जुलाई को नये राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण समारोह होगा। बता दें कि 24 जुलाई को मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल समाप्त होनेवाला है। सांसदों और विधायकों के वोट का मूल्य चुनाव आयोग के मुताबिक इस बार एक सांसद के वोट का मूल्य 700 है। अलग-अलग राज्यों में हर विधायक के वोट का मूल्य अलग-अलग होता है। उदाहरण के लिए उत्तर प्रदेश में प्रत्येक विधायक के वोट का मूल्य 208 है, इसके बाद झारखंड और तमिलनाडु में 176 है। वहीं सिक्किम में प्रति विधायक वोट का मूल्य 7 है, जबकि नगालैंड में यह 9 और मिजोरम में 8 है। अलग रंग के मतपत्र संसद के निर्वाचित सदस्यों और राज्य विधानसभाओं के सदस्यों को 18 जुलाई को मतदान के लिए अलग-अलग रंगों के मतपत्र मिलेंगे। सांसदों को जहां हरे रंग के मतपत्र मिलेंगे, वहीं विधायकों को गुलाबी रंग में मतपत्र दिये जाएंगे। सभी को अपनी पसंद के उम्मीदवार को वोट देने के लिए चुनाव आयोग की विशेष कलम का इस्तेमाल करना होगा।

छत्तीसगढ़ के विधायक विधानसभा भवन में डालेंगे वोट

छत्तीसगढ़ के 90 विधायक विधानसभा भवन के समिति कक्ष क्रमांक-2 में बनाए गए मतदान केंद्र में वोट डालेंगे। इसके लिए वहां पूरी तैयारियां की जा चुकी हैं। मतदान का समय सवेरे दस बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। मतों की गिनती 21 जुलाई को नई दिल्ली में की जाएगी। इस निर्वाचन में भिन्न-भिन्न राज्यों के प्रतिनिधित्व के मान में एकरूपता एवं समतुल्यता प्राप्त करने के लिए संसद और प्रत्येक राज्य की विधानसभा के प्रत्येक निर्वाचित सदस्य जितने मत देने के हकदार हैं, उनके मान का अवधारण करने के लिए प्रत्येक राज्य की जनसंख्या पर आधारित एक फार्मूला तैयार किया गया है जिसके अनुसार इस निर्वाचन में एक सांसद के मत का मूल्य 700 है, जबकि छत्तीसगढ़ के विधायकों का मत मूल्य 129 है। वर्तमान निर्वाचक मण्डल में 233 राज्यसभा सदस्य, 543 लोकसभा सदस्य एवं 4033 राज्य विधानसभाओं के सदस्यों सहित कुल 4809 सदस्य हैं। राष्ट्रपति पद के लिए दो दावेदार श्रीमती द्रौपदी मुर्मू तथा श्री यशवन्त सिन्हा हैं।