भारी बारिश से गंगरेल डैम लबालब, सारे गेट खोले गए, महानदी समीप के गांवों में अलर्ट

भारी बारिश से गंगरेल डैम लबालब, सारे गेट खोले गए, महानदी समीप के गांवों में अलर्ट रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश हो रही है। इससे धमतरी स्थित गंगरेल डैम 91 फीसदी तक भर गया है। इसके चलते जल संसाधन विभाग ने डैम के सारे गेट खोल दिए हैं। वहीं महानदी के किनारे के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। उधर, राजनांदगांव में उफनता नाला पार नहीं कर पाने के कारण एक मरीज की मौत हो गई। दक्षिण बस्तर में बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। गंगरेल डैम लबालब प्रशासन ने डैम के गेट खोले जाने को लेकर सीमावर्ती गांवों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। जल भराव को देखते हुए रायपुर से विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई। टीम ने डैम का निरीक्षण किया और उसके बाद बांध के सारे गेट खोल दिए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग यहां पर गेट खोले जाने का नजारा देखने के लिए मौजूद थे। इन जिलों में पड़ेगा असर गंगरेल डेम से पानी छोड़े जाने का असर धमतरी के साथ ही रायपुर, गरियाबंद और बलौदाबाजार में भी पड़ेगा। ऐसे में प्रशासन ने महानदी के किनारे बसे गांवों को अलर्ट कर दिया है। ग्रामीणों से नदी किनारे और उसके आसपास जाने से रोका जा रहा है। वहीं जिले के SP और अन्य पुलिस अफसरों को सूचित किया गया है। उनसे कहा गया है कि स्थानीय स्तर पर व्यवस्था करें। किसी भी तरह से जान या माल का नुकसान न हो पाए। धमतरी में आज तड़के करीब 4 बजे से मूसलाधार बारिश जारी है। इसके चलते शहर के आमापारा वार्ड में कमर तक पानी भर गया है। लोग उस भरे हुए पानी में नाव चलाकर मस्ती कर रहे हैं। शहर की सड़कों पर 2 से 3 फीट पानी भरा हुआ है। दूसरी ओर नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। उधर नगरी क्षेत्र के कई गांवों का संपर्क मुख्यालय से टूट गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में जिले में डेढ़ इंच बारिश दर्ज की गई है।