छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिलेंगे 2 जज, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की अनुशंसा

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिलेंगे 2 जज, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की अनुशंसा बिलासपुर। छतीसगढ़ हाईकोर्ट को बहुत जल्द ही दो नए जज मिलने की संभावना है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने बार व बैंच कोटे से एक एक नामों को स्वीकृति प्रदान कर सरकार को नियुक्ति आदेश जारी करने के लिए भेज दिया है। बार कोटे से सीनियर अधिवक्ता राकेश मोहन पांडेय व बैंच कोटे से उच्च न्यायिक सेवा के अधिकारी व वर्तमान में बिलासपुर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर पदस्थ राधा किशन अग्रवाल के नाम भेजे गए हैं। बता दें कि कॉलेजियम ने इनके नामों को हरी झंडी दे दी हैं। अब जल्द ही इनके जस्टिस बनने का आदेश जारी हो जाएगा। मिली जानकारी के मुताबिक, हाईकोर्ट चीफ जस्टिस की ओर से सुप्रीम कोर्ट में चार नाम भेजे गए थे। इनमें न्यायिक अधिकारी व बार कोटे के नाम थे। इनमें दो नामों की मंजूरी सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस और तीन सुप्रीम कोर्ट जस्टिस के कॉलेजियम ने दी है। बिलासपुर में पदस्थ जिला एवं सत्र न्यायधीश राधा कृष्ण अग्रवाल और हाईकोर्ट बार के राकेश पांडेय का नाम नियुक्ति अनुशंसा के साथ भेजा गया है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जजों की स्वीकृत संख्या 22 है। पिछले एक माह के भीतर दो जज जस्टिस आसीएस सामंत और जस्टिस गौतम चौरडिया के सेवानिवृत्त होने के बाद हाईकोर्ट में जजों की संख्या 12 रह गई थी। दो नए न्याधीशों की नियुक्ति के बाद जजों के कुल 14 पद भर जाएंगे।