ओवल में इंग्लैंड ऑल आउट : भारत की ऐतिहासिक जीत, सीरीज में बनाई निर्णायक बढ़त
नई दिल्ली। भारत ने चौथे टेस्ट के आखिरी दिन इंग्लैंड को 157 रनों से हरा दिया। टीम इंडिया पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। ओवल के मैदान पर भारत ने 50 साल बाद जीत दर्ज की है। इससे पहले इस मैदान पर पहली और आखिरी बार भारत ने 1971 में अजीत वाडेकर की कप्तानी में टेस्ट मैच जीता था।
इस मैच में भारत ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 368 रनों का लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में मेजबान टीम 210 रन पर ही सिमट गई और मैच हार गई।
टीम की इस ऐतिहासिक जीत में उमेश यादव ने तीन विकेट चटकाए। वहीं जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट चटकाए।
रोहित शर्मा ने लगाया शतक
भारत की दूसरी पारी 466 रन पर ऑलआउट हो गई थी। टीम इंडिया की तरफ से रोहित शर्मा (127) ने शतक जड़ा। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए रोहित शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इसके अलावा चेतेश्वर पुजारा (61), शार्दुल ठाकुर (60) और ऋषभ पंत ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
वहीं इंग्लैंड की तरफ से दूसरी पारी में क्रिस वोक्स ने तीन जबकि मोईन अली और ओली रॉबिन्सन ने दो-दो विकेट झटके थे।
इससे पहले ओवल में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की पहली पारी 191 रन पर सिमटी थी। इसके जवाब में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 290 रन बनाए थे। इस तरह पहली पारी के आधार पर मेजबान टीम को 99 रनों की बढ़त मिली थी।
पहली पारी में खराब खेल के बाद टीम ने की वापसी
पहली पारी में 99 रनों से पिछड़ने के बाद टीम इंडिया ने दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत की। ओपनर केएल राहुल और रोहित शर्मा ने पहले विकेट के लिए 83 रनों की साझेदारी की। एंडरसन ने राहुल को 46 के निजी स्कोर पर आउट कर टीम इंडिया को पहला झटका दिया। राहुल के आउट होने के बाद रोहित शर्मा ने चेतेश्वर पुजारा के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की।
इंग्लैंड को जीत के लिए 368 रन का लक्ष्य
टीम इंडिया का दूसरा विकेट रोहिक के रूप में गिरा। वह 127 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 236 के स्कोर पर टीम इंडिया को दूसरा झटका लगा। रोहित शर्मा के शतक समेत बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने अपनी दूसरी पारी में 466 रन का विशाल स्कोर बनाया और इंग्लैंड को जीत के लिए 368 रन का लक्ष्य दिया।
गेंदबाजों ने किया कमाल
इंग्लैंड ने ओवल के मैदान में भारत के 368 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 5वें और अंतिम दिन लंच तक दो विकेट पर 131 रन बनाए। इंग्लैंड को अंतिम दो सत्र में जीत के लिए 237 रन जबकि भारत को आठ विकेट की दरकार थी। लंच के बाद भारतीय गेंदबाज अलग ही अंदाज में उतरे और देखते ही देखते इंग्लैंड के 4 विकेट झटक लिए, जिससे स्कोर 6 विकेट पर 147 रन हो गया. रवींद्र जडेजा ने ओपनर हसीब हमीद (63) का विकेट लेकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। हसीब ने 193 गेंदों की अपनी संयमित पारी में 6 चौकों की मदद से 63 रन बनाए।
बुमराह ने लिया जॉनी बेयरस्टो का विकेट
इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने ऑली पोप (2) को बोल्ड कर दिया। जॉनी बेयरस्टो खाता भी नहीं खोल पाए कि उन्हें भी बुमराह ने पवेलियन की राह दिखा दी। इसके बाद जडेजा ने मोईन अली (0) को सब्स्टीट्यूट सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच करा दिया, जिससे स्कोर 67.2 ओवर तक 6 विकेट पर 147 रन हो गया।
जो रूट को शार्दुल ठाकुर ने किया बोल्ड
कप्तान जो रूट (36) को शार्दुल ठाकुर ने बोल्ड किया और भारत को बड़ी सफलता दिलाई। रूट और वोक्स ने 7वें विकेट के लिए 35 रन जोड़े। रूट ने 78 गेंदों की अपनी पारी में 3 चौके लगाए। इसके बाद वोक्स को भी उमेश यादव ने पवेलियन की राह दिखा दी और वह टीम के 8वें विकेट के तौर पर आउट हुए। वोक्स ने 47 गेंदों का सामना किया और 1 चौका लगाया। टी-ब्रेक तक इंग्लैंड का स्कोर 8 विकेट पर 193 रन हो गया था। चाय के बाद इंग्लैंड के आखिरी दो विकेट 17 रनों के अंदर गिर गए और 210 रनों पर पूरी टीम आउट हो गई। शतक लगाने वाले हिटमैन रोहित शर्मा को मैन ऑफ द मैच दिया गया.
यह भी पढ़े- टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री कोरोना पॉजिटिव, सपोर्ट स्टॉफ के साथ आइसोलेशन में रखा गया
यह वीडियो देखें-