छत्तीसगढ़ सरकार ने बनाई एनआरआई सेल, विदेश में रहने वाले छत्तीसगढ़िया को होगा लाभ

छत्तीसगढ़ सरकार ने बनाई एनआरआई सेल, विदेश में रहने वाले छत्तीसगढ़िया को होगा लाभ रायपुर। राज्य सरकार ने नए एनआरआई सेल Non Resident Indian Cell का गठन किया है। इस सेल का समन्वयक यूएसए बोस्टन में कार्यरत कोरबा निवासी पल्लव शाह को बनाया गया है। इनकी सेवा शर्तें पृथक से जारी की जाएंगी। इसका आदेश जारी कर दिया गया है। एनआरआई सेल की स्थापना का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए कहा गया है कि विभिन्न देशों में निवासरत छत्तीसगढ़ के अप्रवासी भारतीयों को एक सूत्र में जोड़ने तथा छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, एवं साहित्य को संजोये रखना है। साथ ही कला और संस्कृति का प्रचार प्रसार करने के उद्देश्य से ऐसे अप्रवासी भारतीयों के साथ जीवंत संपर्क बनाये रखने की जरूरत है। अप्रवासी छत्तीसगढ़ियों से सुझाव, सूचनाएं प्राप्त करने एवं उनके यथासंभव क्रियान्वयन करने के लिए एन आर आई सेल का गठन किया गया है। बता दें कि छत्तीसगढ़ के बहुत से नागरिक विभिन्न देशों में रह रहे हैं लेकिन उनका जुड़ाव आज भी छत्तीसगढ़ से बना हुआ है। अमेरिका में अप्रवासी छत्तीसगढ़ियों का नाचा संगठन बना हुआ, जो काफी सक्रिय है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जब भी विदेश दौरे में जाते हैं तो छत्तीसगढ़ के निवासी उनका स्वागत करते हैं। साथ ही दो देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान भी होता है। तब ऐसे समय में समन्वयक की भूमिका अहम हो जाती है। इसके अलावा सुख दुख में जब भी किसी मदद की जरूरत हो तो राज्य सरकार हर वक्त एनआरआई छत्तीसगढ़ियों के लिए तत्पर नजर आती है।