तिल्दा-बलौदाबाजार क्षेत्र में औसत से कम बारिश, किसान चिंतित, पूर्व राज्यसभा सांसद व किसान नेता ने की पानी छोड़ने की मांग तिल्दा नेवरा। तिल्दा और बलौदाबाजार क्षेत्र में औसत से बहुत कम बारिश हुई है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों की परेशानियों को देखते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद व किसान नेता ने पानी छोड़ने की मांग की है। पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा व किसान नेता व जिला पंचायत सभापति राजू शर्मा ने बताया कि तिल्दा और बलौदाबाज़ार क्षेत्र में अल्प वर्षा की स्थिति बनी हुई है। किसानों को अभी पानी की अति आवश्यक है। तिल्दा ब्लाक के ग्राम जोता, परसदा, भुरसुदा, टंडवा, तुलसी(नेवरा) किरना, महुदा, निनवा, सगुनी, खैरखुट, तरपोंगी, कुंदरू, जलसो, सिनोधा, खपरी, नेवरा, कोटा, कोहका, देवरी, घुलघुल, भिंभौरी के क्षेत्रो में किसानी का काम प्रगति पर है, लेकिन वर्षा की कमी के चलते किसान चिंतित है। पूर्व राज्यसभा सांसद एवं किसान नेता जिला पंचायत सभापति ने मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री, और सिंचाई विभाग के अधिकारियो से मांग की है कि गंगरेल बांध से नहरों में पानी छोड़ने की मांग की है। उन्होंने कहा की गंगरेल बांध के 14 गेट खोले गए है और गंगरेल बांध में 90 प्रतिशत तक जल भराव हो चुका है। यदि समय रहते नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया तो तिल्दा और बलौदाबाजार के 50% क्षेत्र सूखे की चपेट में आ सकते हैं। ग्राम पंचायत जोता, तुलसी(नेवरा), जलसों, टंडवा, किरना, कुंदरू के किसानों ने पत्र लिखकर जिला पंचायत राजू शर्मा को गंगरेल बांध से पानी छोड़ने बाबत अधिकारियों से बात करने हेतु आग्रह किया है। कम वर्षा से ग्राम पंचायत तुलसी में लगभग 1200 एकड़, ग्राम पंचायत किरना में लगभग 2000 एकड़, ग्राम पंचायत कुंदरू में लगभग 900 एकड़, ग्राम पंचायत जलसो में लगभग 300 एकड़ की खेती प्रभावित हो सकती है।