द्रौपदी मुर्मू ने जीता राष्ट्रपति चुनाव, विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने दी बधाई नई दिल्ली। एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत दर्ज कर ली है। तीसरे राउंड की गिनती में ही उन्होंने राष्ट्रपति बनने के लिए जरूरी 50 फीसदी वोट पा लिये हैं। उन्होंने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को बड़े अंतर से हरा दिया है। अभी एक राउंड वोटों की गिनती बची है, लेकिन यह सिर्फ औपचारिकता मात्र है। कुल तीनों राउंड की बात करें तो कुल वोट 3219 थे। इनकी वैल्यू 8,38,839 थी. इसमें से द्रौपदी मुर्मू को 2161 वोट (वैल्यू 5,77,777) मिले। वहीं यशवंत सिन्हा को 1058 वोट (वैल्यू 2,61,062) मिले। यशवंत सिन्हा ने द्रौपदी मुर्मू को जीतने पर बधाई दे दी है। उन्होंने लिखा कि मैं जीत के लिए द्रौपदी मुर्मू को बधाई देता हूं। भारत को उम्मीद है कि वह बिना किसी भय या पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में काम करेंगी।