चेकिंग के दौरान ट्रक ने बस को मारी टक्कर, प्रधान आरक्षक और दो पटवारी गंभीर महासमुंद। राजस्व विभाग के कर्मचारी और कई पुलिसकर्मी सड़क हादसे का शिकार हो गए। चेकिंग के दौरान बस को एक डंपर ने टक्कर मार दी, जिसकी वजह से राजस्व विभाग के कर्मचारी और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना महासमुंद के घोड़ारी की है। हादसा उस वक्त हुआ, जब विधानसभा घेराव के लिए जाने वाले शिक्षकों को रोकने के लिए पुलिस टीम की चेकिंग चल रही थी। नदी मोड़ के पास पुलिस ने बैरिकेट लगाया था। पुलिस की टीम रायपुर की ओर आने वाली बसों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान यह हादसा हुआ। सरायपाली से रायपुर आ रही एक बस को पुलिस ने रुकवाया, बस जब तक रूकती, तब तक पीछे से आ रही एक ट्रक ने पीछे से उसे टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद बस अनियंत्रित होकर आगे बढ़ गयी और पुलिस व राजस्व विभाग के लिए लगाये गये टेंट में घुस गई। इस घटना में कई पुलिसकर्मी और राजस्व विभाग के कर्मचारी, पटवारी घायल हो गए। नदी मोड घोड़ारी में घटी इस घटना के बद तत्काल घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल पटवारियों में दो को गंभीर चोटें आयी है।