25 कर्मचारियों ने लिया प्रशिक्षण, अधीक्षण अभियंता बोले- कार्य के प्रति रखे सकारात्मक दृष्टिकोण

25 कर्मचारियों ने लिया प्रशिक्षण, अधीक्षण अभियंता बोले- कार्य के प्रति रखे सकारात्मक दृष्टिकोण भिलाई। दत्तोपंत ठेंगडी राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड के तत्वाधान में छग स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड भिलाई में दो दिवसीय कर्मचारी विकास प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कर्मशाला संभाग भिलाई द्वारा 20 और 21 जुलाई को विश्राम गृह में किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक सुरक्षा कर्मियों के दृष्टिकोण में सकारात्मक परिवर्तन संस्थान के दैनंदिनी के कार्यों में गुणात्मक कार्य-संस्कृति एवं समस्या निवारण की समझ को विकसित करना था। कार्यक्रम में भिलाई स्थित विभिन्न कार्यालयों से 25 प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पीपी सिंह अधीक्षण अभियंता अ.उ.दा (नि./ संधा.) वृत्त छ.ग. स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड भिलाई द्वारा दीप प्रज्वलित एवं मां सरस्वती को माल्यापर्ण कर किया गया। मुख्य अतिथि ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कर्मचारियों को अपनी कार्यक्षमता को बढ़ाना चाहिए एवं कार्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखना चाहिए इसके बाद शिक्षाधिकारी डीएस सहारे ने प्रशिक्षणार्थियों को सुरक्षा एवं समस्या निवारण के बारे में बताया। दूसरे सत्र में आर्ट ऑफ लिविंग से आये आचार्यों द्वारा योगनिद्रा का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन पतंजलि योगपीठ से आये हुए योग गुरूओं के द्वारा भ्रामरी, अनुलोम-विलोम का योगाभ्यास कराया गया। शाम 5 बजे कार्यक्रम का समापन सत्र था, जिसके मुख्य अतिथि एस. के भुआर्य अधीक्षण अभियंता उप-केन्द्र ( संचालन एवं संधारण) थे। जिनके द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। अतिथियों का स्वागत एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर्मशाला संभाग की कार्यपालन अभियंता बरखा दूबे द्वारा किया गया। कार्यक्रम में अति. मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसएल कोरटिया कार्यपालन अभियंता अखिलेश गजपाल, एसके उईके, सहायक अभियंता सीआर चंद्रवंशी, आरके हरमुख, डीके साहू, एसपी मंडावी, आकाश सिन्हा उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन टीपी शर्मा कल्याण अधिकारी द्वारा किया गया।