WI vs IND: 308 रन बनाने के बाद भी भारत मुश्किल से जीती, आखिरी ओवर में हो गया था खेल

WI vs IND: 308 रन बनाने के बाद भी भारत मुश्किल से जीती, आखिरी ओवर में हो गया था खेल स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम ने रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज को पहले वनडे में 3 रन से हरा दिया है। वेस्टइंडीज को आखिरी ओवर में जीत के लिए 15 रन चाहिए थे, लेकिन विंडीज टीम 11 रन ही बना सकी। त्रिनिदाद के क्वींस पार्क ओवल स्टेडियम में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 308 रन बनाए थे। इसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 50 ओवर में 6 विकेट पर 305 रन ही बना सकी। वेस्टइंडीज की ओर से काइल मेयर्स ने सर्वाधिक 75 रन बनाए। ब्रुक्स ने 46 रन की पारी खेली। ब्रैंडन किंग ने 66 गेंदों में 54 रन बनाए। कप्तान निकोलस पूरन 25 रन बनाकर आउट हुए। अकील होसिन 33 और शेफर्ड ने सातवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी करके टीम को जीत दिलाने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। भारत की ओर सिराज 2, चहल 2 और ठाकुर को 2 विकेट मिला। इससे पहले शुभमन गिल ने वापसी करते हुए 64 रन बनाये जबकि कप्तान शिखर धवन शतक से तीन रन से चूक गए, लेकिन दोनों ने भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में शुक्रवार को सात विकेट पर 308 रन तक पहुंचाया। शिखर और शुभमन गिल ने भारत को ओपनिंग साझेदारी में 119 रन की शानदार शुरुआत दी। गिल 53 गेंदों में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 64 रन बनाकर आउट हुए। शिखर ने फिर श्रेयस अय्यर के साथ दूसरे विकेट के लिए 94 रन जोड़े। शिखर जब अपने शतक से मात्र तीन रन दूर थे की मोती कन्हाई की गेंद पर ब्रुक्स के हाथों कैच आउट हो गए। शिखर ने 99 गेंदों पर 97 रन में 10 चौके और तीन छक्के लगाए। अय्यर का विकेट शिखर के आउट होने के कुछ देर बाद ही गिर गया। अय्यर ने 57 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 53 रन बनाये। सूर्यकुमार 13 और संजू सैमसन 12 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने पांचवां विकेट 252 के स्कोर पर गंवाया। दीपक हुड्डा और अक्षर पटेल ने छठे विकेट के लिए 42 रन जोड़कर भारत को 300 के करीब पहुंचाया। 49वें ओवर में अलजारी जोसफ ने दोनों बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। शार्दुल ठाकुर ने आखिरी गेंद पर चौका लगाते हुए भारत को 308 रन तक पहुंचाया। शार्दुल सात रन पर नाबाद रहे। वेस्ट इंडीज की तरफ से जोसफ और गुडाकेश मोती ने दो-दो विकेट लिए।

सैमसन ने बचाया मैच

इस रोमांचक मुकाबले में जब सिराज 15 रन डिफेंड करने उतरे तो पहली दो गेंदों पर उन्होंने 1 ही रन दिया था। इसके बाद तीसरी गेंद पर शेफर्ड को भाग्य के साथ के साथ वेस्टइंडीज को चौका मिला। चौथी गेंद पर सिराज ने अच्छी फेंकी और दो ही रन खर्च किए। पहली चार गेंदों पर सिराज ने 7 ही रन दिए थे ऐसे में मैच टीम इंडिया की झोली में जाते हुए दिख रहा था, मगर पांचवी गेंद उन्होंने लेग साइड में इतना दूर फेंकी की हर किसी की सांसे बढ़ गई। दरअसल, शेफर्ड इस गेंद पर लेग साइड में हटकर शॉट खेलना चाहते थे, सिराज ने उनका पीछा किया और गेंद लेग साइड में फेंक दी। सिराज की यह गेंद वाइड हुई और विकेट के पीछे खड़े संजू सैमसन ने फूल स्ट्रेच डाइव लगाते हुए गेंद को रोका। अगर वहां संजू सैमसन फुर्ती नहीं दिखाते तो वेस्टइंडीज की झोली में 5 रन के साथ मैच भी चला जाता। हालांकि इसके बाद सिराज ने ऐसी कोई गलती नहीं कि 5वीं गेंद पर उन्होंने दो रन खर्च किए वहीं आखिरी गेंद पर विंडीज 1 ही रन बनाने में कामयाब रही। सिराज ने अपने आखिरी ओवर से 11 रन लुटाए। सैमसन की वो डाइव मैच के लिए निर्णायक साबित हुई।