असफलता से आहत: नदीं में कूदे छात्र की तलाश, ऑक्सीजन सिलेंडर से लैस जवान नदी में उतरे बलौदाबाजार। सीबीएसई (CBSE) 12वीं बोर्ड का परीक्षा परिणाम शुक्रवार को जारी किया गया। परीक्षा में फेल होने पर एक छात्र ने सेमरिया घाट पर शिवनाथ नदी में छलांग लगा दी। शनिवार दोपहर तक भी उस छात्र का पता नहीं चल पाया है। गौरतलब है कि भाटापारा ग्रामीण थाना अंतर्गत ग्राम सेमरिया के पास शिवनाथ नदी पुल से कल एक छात्र अपने मोटर साइकिल से उतर कर पुल के ऊपर से बहती नदी में छलांग लगा दिया था। इस घटना की सूचना पर तत्काल पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर स्थानीय नाविक एवं नगर सैनिकों के गोताखोरों की सहायता से उक्त बालक का रेस्क्यू प्रारंभ कर दिया गया था। पूरे 24 घंटे बीत जाने के बाद भी लापता छात्र का अभी तक कोई पता नहीं चला है। वहीं छात्र कुशल के परिजन चिंतित हैं। लापता छात्र को ढूंढने राज्य आपदा मोचन की टीम अपने गोताखोरों की मदद से जुटी हुई है। टीम में ऑक्सीजन सिलेंडर से लैस गोताखोर अब नदी की तलहटी में जाकर खोजबीन करेंगे। तलाशी अभियान को देखने के लिए हजारों की संख्या में आस पास के गांवों के लोग जुट गए हैं। जिन्हें नदी से दूर रखने की कोशिश की जा रही है। घटनास्थल पर पुलिस के तमाम आलाधिकारी मौजूद हैं।