सड़क पर मिला 45 लाख कैश, यातायात जवान ने उठाया ये कदम रायपुर। राजधानी रायपुर के यातायात जवान ने इमानदारी की मिसाल पेश की है। जिसकी खूब चर्चा हो रही है। दरअसल, जवान को लावारिस हालात में बैग में 45 लाख रुपए नकद मिला, जिसे उन्होंने पुलिस को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक, थाना यातायात कयाबांधा नवा रायपुर में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 1602 निलाम्बर सिन्हा 23 जुलाई को सुबह लगभग 8.30 के मध्य एयरपोर्ट से ड्यूटी कर माना कैम्प जा रहा था। इसी दौरान माना क्षेत्रांतर्गत स्थित राय पब्लिक स्कूल के सामने रोड में उक्त पुलिसकर्मी को एक सफेद रंग का बैग मिला। पुलिसकर्मी द्वारा बैग को खोलकर चैक करने पर बैग के अंदर अलग-अलग बण्डलों में 2000 एवं 500 के नोट रखा होना पाया गया। जिसकी सूचना पुलिसकर्मी द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद नोटों से भरे बैग को थाना सिविल लाईन में लाकर जमा किया गया। बैग के अंदर लगभग 45 लाख रूपये नकद था, जिसे थाना सिविल लाईन पुलिस द्वारा लावारिस हालत में जब्त कर वारिसान की पतासाजी की जा रही है। इस प्रकार आरक्षक निलाम्बर सिन्हा द्वारा नकदी रकम से भरे बैग को थाना में जमा कर ईमानदारी की मिसाल प्रस्तुत की गई। पुलिस महानिरीक्षक महोदय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निलाम्बर सिन्हा की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुये उचित ईनाम देने की घोषणा की है।