रायपुर। विधानसभा सत्र के चौथे दिन महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री अनिला भेड़िया ने कई सवालों के जवाब दिए। विधायक डमरूधर पुजारी के सवाल में मंत्री अनिला भेड़िया ने बताया है कि महिला एवं बाल विकास विभाग में 3333 पदों पर भर्ती की सहमति 4 मई 2022 को दी गई हैं। विधायक डमरूधर पुजारी ने मंत्री अनिला भेड़िया से प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं के रिक्त पदों सम्बंधित प्रश्न पूछा था। साथ ही एक साल से रिक्त पदों की जानकारी के सम्बंध में और रिक्त पदों पर भर्ती हेतु वित्त विभाग द्वारा स्वीकृति हेतु प्रस्ताव के सम्बंध में भी जानकारी मांगी थी। जिसके जवाब में मंत्री अनिला भेड़िया ने बताया कि 30 जून 2022 की स्थिति में प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 2902 पद तथा सहायिका के 3788 पद रिक्त हैं। मंत्री ने आगे बताया कि रिक्त 5783 पदों पर भर्ती हेतु वित्त विभाग को लगातार स्वीकृति के लिए प्रस्ताव बना कर भेजे गए। जिसमें से वित्त विभाग द्वारा 10 आकांक्षी जिलों के लिए कुल 1903 पदों की नियुक्ति की स्वीकृति दिनांक 25 जून 21 प्रदान की गई थी। मंत्री ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मिनी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं से रिक्त कुल 5554 पदों पर भर्ती हेतु प्रस्ताव बना कर पुनः भेजा गया था। मंत्री ने बताया कि उक्त प्रस्ताव पर वित्त विभाग ने 3333 पदों पर भर्ती हेतु 4 मई 2022 को सहमति प्रदान की हैं। भर्ती के लिए समय सीमा पूछे जाने पर मंत्री ने समय सीमा बताया जाना संभव नही है कहा।