करंट से राजमिस्त्री की दर्दनाक मौत, कांग्रेस नेता के खिलाफ FIR दर्ज सरगुजा। हाईवोल्टेज करंट से एक राजमिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई। राजमिस्त्री कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता के पॉली हाउस के बगल में मकान निर्माण कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। घटना दरिमा थाना क्षेत्र की है। दरसअल, सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम करजी में कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता द्वारा फार्मिंग के लिए पॉली हाउस का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही काम करने वाले मजदूरों के रहने के लिए मकान का निर्माण किया जा रहा है। इसी दौरान मकान निर्माण कर रहे राजमिस्त्री बसंत बेक 11 हजार केवी करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इधर, पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए पाया की बिना सुरक्षा मापदंडों के तहत निर्माण कार्य करवाया जा रहा था। इसी को देखते हुए दरिमा पुलिस ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता के खिलाफ धारा 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामले में बिजली विभाग के लाइनमैन चंद्रराम राजवाड़े का कहना है कि उन्हें यह बताया ही नहीं गया था कि जहां से तार गया है। उसके बगल से मकान निर्माण का काम चल रहा है, नहीं तो हम लाइन बंद कर देते। इस मामले में पुलिस ने भी जांच की थी। पुलिस की जांच में यह पता चला कि मकान निर्माण के दौरान सुरक्षा मापदंडों का पालन नहीं किया गया। जिसके कारण ही बसंत की जान गई। पुलिस ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष के खिलाफ धारा 304 ए के तहत केस दर्ज किया है। राकेश गुप्ता के इस पूरे मामले को लेकर कहना है कि घटना के दिन वह रायपुर गए थे। वापस लौटने के दौरान उन्हें इस घटना के बारे में पता चला है। पुलिस की तरफ से अभी मुझे नोटिस नहीं मिला है। नोटिस मिलने पर मैं भी कानून का पालन करूंगा।