महिला की हत्या से सनसनी, शराब नहीं देने पर चार बदमाशों ने मार दी गोली जशपुर। जिले में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद चारों आरोपी फरार हो गए हैं। पुलिस को हत्यारों का सुराग नहीं मिला है। बता दें कि सप्ताह भर पहले भी इसी तरह दंपति की हत्या की गई थी। गोलीकांड की घटना के बाद से इलाके में दहशत है। आरोपियों को पकड़ने पुलिस ने टीमें बनाई है। जानकारी के अनुसार जशपुर शहर की बांकीटोली निवासी भिनसो बाई (65 वर्ष) अपने मायके ग्राम डभनीपानी हाकुकोना आई हुई थीं। भिनसो बाई के पति की काफी पहले मौत हो चुकी है। उसके बच्चे भी नहीं हैं। रविवार की शाम 6:30 बजे ग्राम हाकुकोना में 4 अज्ञात युवक भिनसो बाई के घर पहुंचे और उससे शराब मांगने लगे। जब भिनसो ने शराब नहीं होने की बात कही तो नाराज होकर एक युवक ने कट्टा निकाल लिया और भिनसो बाई की कनपटी पर गोली चला दी। आरोपियों ने भिनसो बाई को उसके कमरे के भीतर की ओर धकेल दिया और वहां से भाग निकले।