मौसम अलर्ट: अगले दिनों तक छाये रहेंगे बादल, इस दिन होगी बारिश रायपुर। प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर से बदल गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले वाले दो से तीन दिनों तक बादल तो छाए रहेंगे लेकिन वर्षा के आसार कम हैं। हालांकि, अगले सप्ताह से लगातार वर्षा होगी। गुरुवार को राजधानी समेत प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। तापमान में बढ़ोतरी के चलते उमस में भी थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। रायपुर का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। प्रदेशभर में एआरजी मुंगेली व कुरुद में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश भर में अभी तक 566.2 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से छह प्रतिशत अधिक है। बीजापुर में सर्वाधिक 1523.5 मिमी और बलरामपुर में सबसे कम 188.4 मिमी वर्षा हुई है।