रायपुर। अग्रसेन महाविद्यालय (पुरानी बस्ती) के नवनिर्मित ऑडियो विजुअल स्टुडियो में रेडियो अग्रवाणी की ओर से आज एक परिचर्चा आयोजित की गई. "टीवी डिबेट की बदलती दिशा" -विषय पर आयोजित इस परिचर्चा में वक्ता के रूप में राजधानी के पत्रकार- अभिषेक शुक्ला तथा शशिकांत यादव शामिल हुए। दोनों वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि टीवी चैनलों में होने वाले डिबेट को विश्वसनीय और लोकप्रिय बनाये रखने के लिए प्रतिभागियों के साथ साथ एंकर और संपादक को भी मर्यादाओं का पालन करना अनिवार्य है.
वरिष्ठ पत्रकार तथा न्यूज-18 चैनल के ब्यूरो प्रमुख अभिषेक शुक्ला ने कहा कि पहले के डिबेट में जो प्रस्तुति होती थी, उसमें और अब के डिबेट में अंतर निश्चित ही आया है. जैसे समाज के अन्य क्षेत्रों में बदलाव आया है , उसी तरह से इसमें भी बदलाव देखने को मिल रहा है. वरिष्ठ पत्रकार तथा हरिभूमि के उप संपादक शशिकांत यादव ने कहा कि डिबेट में शालीनता और मर्यादा होनी ही चाहिए। आक्रामकता से विषय का महत्व कम हो सकता है. दोनों वक्ताओं ने पत्रकारिता के नए छात्रों के लिए कहा कि केवल टीवी के ग्लैमर और प्रभाव को देखकर इस क्षेत्र में कदम रखना उचित नहीं है. इस क्षेत्र में करियर बनाने से पहले लम्बी तैयारी करना बेहद जरुरी है.
परिचर्चा के सूत्रधार के रूप में पत्रकारिता संकाय के विभागाध्यक्ष प्रो. विभाष कुमार झा ने कहा कि टीवी की बहसों को जीवंत और वास्तविक बनाये रखने के लिए पत्रकारों और प्रतिभागियों को मिलकर ही कुछ सुधार करना होगा. अन्यथा इसकी विश्वसनीयता और लोकप्रियता दोनों कम हो जाएगी. इस मौके पर महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ वी.के. अग्रवाल, प्राचार्य डॉ युलेन्द्र कुमार राजपूत तथा एडमिनिस्ट्रेटर प्रो. अमित अग्रवाल ने आमंत्रित वक्ताओं के विचारों के लिए उन्हें साधुवाद दिया. आमंत्रित वक्ताओं ने महाविद्यालय में पत्रकारिता विभाग द्वारा प्रायोगिक प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध आडियो-विजुअल स्टूडियो और अग्रवाणी रेडियो जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं को नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए ख़ास तौर पर फायदेमंद बताया. कार्यक्रम में पत्रकारिता विभाग के प्राध्यापक प्रो राहुल तिवारी, प्रो. कनिष्क दुबे तथा प्रो सुरभि अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे .