कालेजों में प्रवेश के लिए पहली मेरिट सूची जारी, बीएड व डीएलएड में 7 अगस्त तक पंजीयन रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेजों में प्रवेश के लिए मेरिट सूची जारी हो गया है। पहले दिन 5 प्रतिशत सीटों पर छात्रों ने प्रवेश ले लिया। प्रथम चरण में मेरिट सूची के छात्रों को 5 अगस्त तक प्रवेश का मौका दिया गया है। इसके बाद दूसरे चरण में प्रवेश के लिए 6 और 7 अगस्त को आनलाइन पंजीयन प्रक्रिया शुरू होगी। 8 अगस्त को महाविद्यालयों को सूची प्रदान करनी होगी। 9 अगस्त को मेरिट सूची जारी होगी। इसके आधार पर सीटों पर प्रवेश होगा। छात्र 9 से 16 अगस्त तक प्रवेश ले सकेंगे। इसके बाद बची हुई सीटों के लिए प्रवेश प्रक्रिया खोल दी जाएगी। कालेज प्रबंधन अपने अनुसार प्रवेश ले सकेंगे। बता दें कि इस वर्ष बीएससी प्रथम वर्ष में रायपुर साइंस कालेज में सर्वाधिक 94.4 प्रतिशत कटआफ रहा। बीकाम में डिग्री गर्ल्स कालेज में 86 प्रतिशत और बीए में सर्वाधिक कटआफ छत्तीसगढ़ कालेज से 74.20 प्रतिशत रहा है। ऐसे में राजधानी के प्रमुख कालेजों में प्रवेश के लिए मारामारी की स्थिति है। मैसेज नहीं भेज पाए कालेज कालेजों में प्रवेश के लिए मेरिट सूची जारी होने के बाद कालेजों द्वारा छात्रों मैसेज के माध्यम से जानकारी देने की बात कही गई थी। लेकिन सूची जारी होने पर छात्रों को मैसेज ही नहीं मिल रहा है। कालेज प्रबंधन ने तकनीकी समस्या को देखते हुए कालेजों के पोर्टल पर जानकारी देखने की बात कही है। इधर स्नातकोत्तर विषयों में प्रवेश के लिए पोर्टल खोला गया है, लेकिन कालेजों के विकल्प चुनने पर तकनीकी खामियां सामने आ रही हैं। मामले की शिकायत विश्वविद्यालय प्रबंधन को की गई है। 29 से बीएड और डीएलएड में प्रवेश प्रक्रिया राज्य शैक्षिक अनुसंधान व प्रशिक्षण परिषद ने बीएड व डीएलएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए तिथि की घोषणा कर दी है। बीएड में प्रवेश के लिए पंजीयन व आनलाइन विकल्प फार्म जमा करने की तिथि 29 जुलाई से सात अगस्त तक है। प्रथम चरण की सूची 18 अगस्त को जारी होगी। प्रवेश की प्रक्रिया 25 अगस्त तक चलेगी। रिक्त सीटों की जानकारी 26 अगस्त को दी जाएगी। दूसरी सूची पांच सितंबर को जारी करेंगे। इसके आधार पर दाखिले 9 सितंबर तक होंगे। द्वितीय चरण के लिए काउंसिलिंग की प्रक्रिया 13 सितंबर व तृतीय चरण की काउंसिलिंग की प्रक्रिया 19 अक्टूबर से शुरू होगी। इसी तरह डीएलएड पाठ्यक्रम में प्रथम चरण की काउंसिलिंग प्रक्रिया के लिए आनलाइन पंजीयन 29 जुलाई से तीन अगस्त तक चलेगी। प्रथम सूची 16 अगस्त को जारी की जाएगी।