कर्मचारी अधिकारी को मिलेगा 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता, सीएम ने किया ऐलान रायपुर। छत्तीसगढ़ में महंगाई भत्ते के लिए कर्मचारी अधिकारी आंदोलन कर रहे हैं। मांग पूरी नहीं होने पर 22 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान कर चुके हैं। दूसरी ओर पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश में सरकार ने कर्मचारियों को 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने का ऐलान कर दिया है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से सोमवार को सुबह ट्वीट कर कर्मचारियों को यह खुशखबरी दी। उन्होंने सावन सोमवार की शुभकामनाएं देने के बाद साढ़े सात लाख कर्मचारियों को 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने का ऐलान किया। मध्यप्रदेश में कर्मचारियों को 31 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा था, लेकिन अगस्त से 34 प्रतिशत महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा। यानी सितंबर में जो वेतन आएगा उसमें 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता जुड़ा रहेगा। शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर बताया कि अभी मध्यप्रदेश के हमारे शासकीय सेवकों को 31 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलता है। 11% हमने पिछली बार एक साथ बढ़ाया था, लेकिन आज हम फैसला कर रहे हैं कि अब 34% महंगाई भत्ता मध्यप्रदेश के शासकीय सेवकों को देंगे। यह फैसला अगस्त माह के वेतन, जिसका भुगतान सितंबर में होगा, उससे हम लागू कर रहे हैं। शासन के ऊपर लगभग 625 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आयेगा, लेकिन साढ़े सात लाख से अधिक कर्मचारी भाई-बहनों को इसका लाभ मिलेगा, इसलिए उनकी बेहतरी के लिए हमने यह फैसला किया है। शुभकामनाएं! https://twitter.com/ChouhanShivraj/status/1553986368585760768?t=PlFQKj1N13qVWdh1NDRjpQ&s=09