कॉमनवेल्थ गेम्स हरजिंदर कौर ने जीता कांस्य पदक, अचिंत शिउली ने स्वर्ण पदक

कॉमनवेल्थ गेम्स  हरजिंदर कौर ने कांस्य पदक जीता, अचिंत शिउली ने स्वर्ण पदक डेस्क। इंग्लैंड के बर्मिंघम में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का आज यानी सोमवार 1 अगस्त को चौथा दिन था। इस दिन तक भारत 8 पदक जीत चुका है और आज भी भारत के पास पदक जीतने का मौका है। भारतीय महिला लॉन बॉल्स टीम ने इतिहास रच दिया क्योंकि टीम ने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खुद के लिए कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया। भारोत्तोलक अचिंत शिउली ने रविवार देर रात पुरुषों के 73 किग्रा वर्ग में नए रिकार्ड के साथ भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। वहीं जूडो में सुशीला देवी लिकमाबम को महिलाओं के 48 किग्रा फाइनल में हार के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा, जबकि विजय ने 60 किग्रा में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया। भारत ने बैडमिंटन मिश्रित स्पर्धा के सेमीफाइनल में सिंगापुर को 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बना ली और अपने लिए कम से कम एक रजत पदक पक्का कर लिया। महिला वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर ने 71 किग्रा वर्ग में किस्मत के सहारे कांस्य पदक जीत लिया। उन्होंने कुल 212 किलोग्राम वजन उठाकर CWG 2022 में भारत को नौवां पदक दिलाया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम को इंग्लैंड के खिलाफ पूल बी के मुकाबले में 4-4 ड्रॉ खेलना पड़ा।  बॉक्सर अमित पंघाल, मोहम्मद हसमुद्दीन और आशीष कुमार चौधरी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। वेटलिफ्टिंग में अजय सिंह पुरुषों के 81 किग्रा में चौथे स्थान पर रहे। तैराक साजन प्रकाश 100 मीटर बटरफ्लाई के सेमीफाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहे। महिला स्क्वॉश खिलाड़ी जोशना चिनप्पा को क्वार्टर फाइनल में 0-3 (9-11, 5-11, 13-15) से हार का सामना करना पड़ा। जिम्नास्टिक में प्रणति नायक वॉल्ट फाइनल में पांचवें स्थान पर रहीं।