मोहरेंगा के शासकीय स्कूल का नामकरण किए जाने का विरोध, ग्रामीणों के साथ छात्र-छात्राओं ने किया चक्काजाम

मोहरेंगा के शासकीय स्कूल का नामकरण किए जाने का विरोध, ग्रामीणों के साथ छात्र-छात्राओं ने किया चक्काजाम दिलीप वर्मा, तिल्दा नेवरा। तिल्दा ब्लॉक के ग्राम पंचायत महरेंगा के शासकीय स्कूल को स्व मंडल दास गिलहरे के नाम पर किया जा रहा है, जिसका ग्रामीणों व स्कूली छात्र-छात्राओं ने कड़ा विरोध किया है। विरोध के चलते आज (सोमवार) मोहरेंगा चौक पर ग्रामीणों व छात्राओं ने तिल्दा खरोरा मुख्य मार्ग व खरोरा-हिरमी मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया है। मौके पर खरोरा तहसीलदार सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक अनीता शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।  आंदोलन के चलते मोहरेंगा के शासकीय स्कूलों में छुट्टी दे दी गई है। स्कूल बन्द कर छात्र-छात्राएं भी सड़क पर बैठे है। ग्रामीणों का कहना है कि मण्डल दास गिलहरे मोहरेंगा के निवासी नहीं है। वे दूसरे गांव में निवास करते थे। साथ ही स्कूल के लिए उनका कोई योगदान नहीं रहा है। लिहाजा उनके नाम पर स्कूल का नामकरण करना अनुचित है। किसी शहीद या किसी दानवीर आदि का नाम किया जाता तो कोई आपत्ति नहीं थी। ग्रामीणों व छात्राओं ने कहा कि स्कूल का नाम शासकीय स्कूल ही रहे। स्कूल का नामकरण स्व मंडल दास के नाम पर नहीं किया जाए। इसके पहले खरोरा कॉलेज के नामकरण का भी खरोरा वासियों ने कड़ा विरोध किया था। वहीं मोहरेंगा में चक्काजाम अभी रात 8.44 तक जारी है। अभी रात में भाजपा के पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल और पूर्व कलेक्टर गणेश शंकर मिश्रा उपस्थित हुए। गणेश शंकर मिश्रा ने कलेक्टर से बात की पहले तो कलेक्टर लिखित में देने तैयार हो गए थे, फिर बाद में मना कर दिए।