भीषण हादसा, तेज रफ्तार कार ट्रेन से टकराई, तीन की मौके पर मौत, चार गंभीर

भीषण हादसा, तेज रफ्तार कार ट्रेन से टकराई, तीन की मौत, चार गंभीर रायपुर। बलौदाबाजार जिले में बड़ा हादसा हो गया। ट्रेन के इंजन से एक कार टकरा गई है। कार में सवार 7 लोग सवार थे, जिसमें से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार कार मालगाड़ी के इंजन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इंजन कार को लगभग 300 मीटर दूर घसीटते हुए ले गई। घायलों में 2 बच्चों सहित 4 को रायपुर रेफर किया गया है। जैसा कि पता ही है कि मुंबई हावड़ा मार्ग पर भाटापारा और तिल्दा के बीच स्थित हथबंध रेलवे स्टेशन से हिरमी अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र के लिए रेल लाइन लगी हुई है। बताया जाता है कि शाम को 2 इंजन माल डिब्बों को संयंत्र में छोड़कर रात लगभग 9:30 बजे हथबंद लौट रही थी, तभी बिना फाटक वाले रेलवे क्रॉसिंग को पार कर रही कार तेज रफ्तार से आ रही इंजन से टकरा गई। ग्रामीणों ने सब्बल से दरवाजा तोड़कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। कार के अंदर सभी 7 लोग फंसे हुए थे। जब लोगों ने उन्हें निकालना चाहा, लेकिन दरवाजा नहीं खुल पा रहा था। बाद में दरवाजे को सब्बल से तोड़कर सभी को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल सुहेला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक की रास्ते में मौत हो गई। हादसे में कुल तीन लोगों की जान चली गई। गंभीर घायलों को रायपुर रेफर कर दिया गया। सुहेला पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।