रायपुर: बीएससी नर्सिंग में अब परीक्षा एक साल के बजाय छह-छह महीने में होगी। पं. दीनदयाल हेल्थ साइंस एंड आयुष विवि ने बीएससी में सेमेस्टर प्रणाली लागू कर दी है। इसके लागू होने से छात्राओं को सुविधा होगी। दरअसल छह माह में परीक्षा होने से उन्हें तैयारी कम करनी होगी। एक साल में कुल पांच पेपर होते हैं। सेमेस्टर प्रणाली लागू होने के बाद छह में 3 व अगले 6 माह में 2 पेपर होंगे। इससे छात्राओं को परीक्षा की तैयारी में मदद मिलेगी। आयुष विवि ने पहली बार किसी कोर्स में सेमेस्टर प्रणाली लागू किया है। सत्र 2021-22 में एडमिशन लेने वाली छात्राएं पहली बार सेमेस्टर प्रणाली से परीक्षा देंगी। विवि के कुलपति डॉ. एके चंद्राकर ने बताया कि इंडियन नर्सिंग काउंसिल ने पिछले साल जुलाई में नोटिफिकेशन जारी कर बीएससी नर्सिंग में सेमेस्टर प्रणाली से परीक्षा कराने को कहा था। इसके बाद विवि प्रशासन ने एक बैठक में इसे लागू करने का निर्णय लिया है। प्रदेश के सभी सरकारी व निजी कॉलेजों को इसकी सूचना भेज दी गई है। नई प्रणाली से होने वाली परीक्षा में निबंधात्मक, छोटे प्रश्न, बहुत छोटे प्रश्न पूछे जाएंगे। विवि के अंतर्गत एमबीबीएस, एमडी एमएस, बीडीएस, एमडीएस, बीपीटी, एमपीटी समेत दूसरी परीक्षा होती है, लेकिन किसी भी कोर्स में सेमेस्टर प्रणाली लागू नहीं किया गया है।