भाजपा के नए अध्यक्ष अरुण साव का भव्य स्वागत, कांग्रेस सरकार पर किया हमला, बोले- प्रदेश में माफिया राज

भाजपा के नए अध्यक्ष अरुण साव का भव्य स्वागत, कांग्रेस सरकार पर किया हमला, बोले- प्रदेश में माफिया राज रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव शनिवार को छत्तीसगढ़ पहुंचे, राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल से एकात्म परिसर तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव का भव्य आत्मीय स्वागत किया। एयरपोर्ट में भाजपा नेताओं ने गाजे बाजे और पुष्प वर्षा के साथ नवनियुक्त भाजपा अध्यक्ष का स्वागत किया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मोटर सायकल रैली निकाल कर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के काफिले की अगुवाई की इस दौरान माना चौक, फुंडहर चौक, में भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया, वीआईपी रोड में भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव राम मंदिर पहुंचे और आराध्य प्रभु श्री राम जी के दर्शन कर छत्तीसगढ़ की खुशहाली और समृध्दि के लिए प्रार्थना की। नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास के लिए, भुखमरी, गरीबी से मुक्ति के लिए नक्सल से मुक्ति के लिए अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाया। आज कांग्रेस सरकार छत्तीसगढ़ को जिस दिशा में ले जा रही हैं वह दुर्भाग्यपूर्ण हैं, हम सभी मिलकर इस सरकार को उखाड़ कर फेंक देंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता को छला गया लगातार ठगा गया। आज प्रत्येक वर्ग कांग्रेस की सरकार से परेशान हैं, प्रताड़ित महसूस कर रहा हैं। छत्तीसगढ़ में माफ़िया राज चल रहा हैं, छत्तीसगढ़ को अपराध का गढ़ बना दिया गया हैं। नशे का काला कारोबार फल फूल रहा हैं। किसान युवा महिला बुजुर्ग सभी वर्ग अपने आप को छला हुआ ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। हम कह सकते हैं कि ऐसा कोई सगा नहीं जिसे कांग्रेस ने ठगा नहीं। उन्होंने कहा कि किसानों से खाद, बीज, बारदाना, रकबा छीना क़िस्तों में धान की कीमत दे छलने का काम किया, युवाओं से रोजगार और भत्ता छीना, गरीबों से छीना अन्न और आवास, बुजुर्गों से वृद्धा पेंशन छीना कांग्रेस की सरकार ने छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ की जनता के साथ छिनने और लूटने के अलावा कोई काम नहीं किया है। माफ़िया राज चल रहा हैं रेत माफिया, शराब माफिया, सीमेंट माफ़िया, नशा माफ़िया, भू माफिया, कोल माफ़िया का राज चल रहा है। समय आ गया है अटल जी के सपने के छत्तीसगढ़ को सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास की दिशा में पुनः वापस ले जाने का और मुझे पूरा विश्वास हैं कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के परिश्रम और छत्तीसगढ़ की पौने तीन करोड़ जनता के विश्वास से छत्तीसगढ़ में अंधेरा छटेगा सूरज निकलेगा और छत्तीसगढ़ में एकबार पुनः विकास और विश्वास का कमल खिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आत्मीय स्वागत के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि आज का दिन कभी नहीं भूल सकता आज मैं ऋणी हो गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ हर परिस्थिति में सुख में दुःख में विपरीत परिस्थिति में कंधे से कंधा मिला कर खड़े रहने का विश्वास दिलाया और कार्यकर्ताओं को प्रणाम कर धन्यवाद दिया। भारतीय जनता पार्टी के निवृतमान प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने सबसे पहले भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव को बधाई देते हुए कहा कि भरतीय जनता पार्टी के देवतुल्य कार्यकर्ताओ का अतुलनीय सहयोग और आशीर्वाद मिला मैं सदैव कार्यकर्ता साथियों का ऋणी रहूंगा और इस मंच के माध्यम से नवनियुक्त अध्यक्ष अरुण साव जी को विश्वास दिलाता हूं की उनके नेतृत्व में हम सभी साथ चलेंगे और भूपेश बघेल सरकार को उखाड़ फेकेंगे। पूर्व मख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि यह समय चुनौती का हैं और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस चुनौती को स्वीकार किया और 2023 में कांग्रेस का जाना तय हैं। विष्णुदेव साय जी ने पूरे प्रदेश में घूम कर कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जनविरोधी सरकार के विरुद्ध लड़ाई की नींव मजबूती से रखी हैं संघर्ष किया हैं। अब अरुण साव के नेतृत्व में हम सभी मिलकर 2023 में कमल का फूल खिलाएंगे। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव का अभिनंदन किया औऱ उन्हें बधाई देते हुए कहा कि निवृतमान अध्यक्ष विष्णुदेव साय 3 बार अध्यक्ष रहे और लगातार पार्टी के लिए अपना योगदान दिया उनके अनुभव का लाभ हम सभी को लगातार मिलता रहेगा। नव नियुक्त अध्यक्ष अरुण साव के नेतृत्व में हम सभी को मिलकर काम करना हैं और भ्रष्टाचार और वादा खिलाफी करने वाली जनविरोधी कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकना हैं। कार्यक्रम के अंत में युवा मोर्चा के बरसात में भीगकर स्वागत करने की सभी नेताओं ने तारीफ की। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सवन्नी व आभार भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी ने किया।