रायपुर: छत्तीसगढ़ में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बरसात से मंगलवार को थोड़ी राहत मिली । बादल छंटे तो थोड़ी धूप भी निकली बरसात से यह राहत बुधवार तक ही बने रहने की संभावना है । गुरुवार से यहां फिर से बारिश होने की संभावना बढ़ रही है । इस दौर में अब तक सूखे रहे सरगुजा को भी राहत की उम्मीद है । मौसम विभाग के विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया , इस समय मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर जैसलमेर , पूर्वी राजस्थान और उससे लगे पश्चिम मध्य प्रदेश , दमोह , अंबिकापुर , पुरुलिया , कोंटाई , और उसके बाद पूर्व - दक्षिण - पूर्व की ओर उत्तर - पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है । 19 अगस्त को एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर बंगाल की खाड़ी में बनने की संभावना है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अब तक प्रदेश में 20 % से अधिक बरसात हो चुकी है । सामान्य तौर पर एक जून से 16 अगस्त तक 773.2 मिमी औसत बरसात होती रही है । अभी औसतन 927.1 मिलीमीटर पानी यहां बरस चुका है । प्रदेश के 17 जिलों में सामान्य से अधिक पानी बरसा है । वहीं एक जिले बीजापुर में 121 % अधिक बरसात हुई है । यह सामान्य से बहुत अधिक है । पांच जिलों में सामान्य बरसात है । इसमें रायपुर , दुर्ग , बेमेतरा , कोरबा और रायगढ़ जिले शामिल हैं । सरगुजा के पांच जिलों कोरिया , बलरामपुर रामानुजगंज , जशपुर , सूरजपुर और सरगुजा में सामान्य से बहुत में कम पानी बरसा है ।