फिर बना मौसम का सिस्टम, 6 जिलों के लिए रेड अलर्ट

रायपुर.जिस मानसूनी सिस्टम से 13 से 15 अगस्त तक प्रदेश में लगातार बारिश हुई थी, उसी तरह का सिस्टम फिर बन रहा है। जिसके असर से अगले 24 घंटे में प्रदेश के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। शनिवार की शाम से ही रुक-रुक कर बारिश होती रही। केंद्रीय मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है और भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। बताया कि ओडिशा में कम दबाव का एक क्षेत्र बनने से अगले दो दिनों में मूसलाधार बारिश होने के कारण बाढ़ की स्थिति पैदा हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है जिससे कुछ राज्यों में बारिश होने की संभावना है। यहां ऑरेंज अलर्ट- धमतरी, बलौदाबाजार, गरियाबंद, दुर्ग, बालोद, नारायणपुर, रायपुर, राजनांदगांव, बस्तर, कबीरधाम और कांकेर जिले में भारी से अति भारी वर्षा होने के आसार है। जशपुर, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया और सरगुजा में तेज हवाओं के साथ वर्षा होने की संभावना है। यहां रेड अलर्ट- बिलासपुर, जांजगीर चांपा, कोरबा, मुंगेली, महासमुंद और रायगढ़ जिलों में कई स्थानों पर अति भारी वर्षा होने की संभावना है। कैसा रहेगा अगस्त- अगस्त के शेष 10 दिनों में 20 से 23 तारीख तक झमाझम बारिश के आसार हैं। 26 व 27 को हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 31 अगस्त से 3 सितंबर तक मानसून सक्रिय रहेगा।