आत्मसमर्पित नक्सली की हत्या, धारदार हथियार से मारने के मिले निशान, आखिर किसने वारदात को दी अंजाम

आत्मसमर्पित नक्सली की हत्या, धारदार हथियार से मारने के मिले निशान, आखिर किसने वारदात को दी अंजाम बीजापुर। आत्मसमर्पित एक नक्सली की लाश जंगल में बरामद हुई है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी अंजनेय वार्ष्णेय ने मीडिया को बताया कि, बामन पोयम (23 वर्ष) निवासी पटेलपारा मिरतुर का निवासी था, जहां कुछ साल पहले वह नक्सली संगठन से जुड़ गया था। इस दौरान नक्सलियों ने उसे मिलिशिया सदस्य बना दिया, लेकिन कुछ वर्षों तक काम करने के बाद त्रस्त होकर बामन पोयम ने 3 माह पहले सरेंडर कर दिया था, जिसके बाद से बामन पोयम बीजापुर से भैरमगढ़ लगातार आना जाना करता था। रविवार की सुबह भैरमगढ़ थाना से करीब 6 किमी दूर पोदुम मार्ग से अंदर पगडण्डी मार्ग पर जंगल मे कुछ ग्रामीणों ने एक शव को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। बाद में मृतक की शिनाख्त बामन पोयम के रूप में की गई। मृतक के शरीर में कई जगह धारदार हथियार से मारने के निशान है। पुलिस को घटनास्थल से कोई भी नक्सली पर्चा अब तक नहीं मिला है, लेकिन हत्या करने के तरीके से साफ़ है कि उसे नक्सलियों ने मारा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक पुलिस का संपर्क मृतक के परिजनों से नहीं हो पाया है, परिजनों के मिलने के बाद ही इस बाद कि पुष्टि की जा सकेगी कि बामन कब आया और वह किन लोगों के साथ निकला था।