'थूक' का विवाद मारपीट तक : अजय चंद्राकर को थूकदान भेंट करने पहुंचे थे युवा कांग्रेस, भाजयुमो के साथ हो गई झूमाझटकी...

धमतरी। बस्तर के चिंतन शिविर में प्रदेश भाजपा प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने एक बयान दिया था। जिसको लेकर कांग्रेस प्रदेश भर में धरना प्रदर्शन कर रही है। धमतरी में गुरुवार को यह प्रदर्शन मारपीट तक पहुंच गई। दरअसल, कुरूद में भाजपा कार्यालय में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और भाजपाइयों के बीच उस वक्त झड़प हो गई, जब पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर को कांग्रेसी कार्यकर्ता थूक दान देने पहुंचे। विधायक ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का थूकदान लेने से पहले भगवा रंग का गमछा पहनाने की कोशिश की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसको पहनने से इनकार कर दिया। इसी दौरान कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने जोर-जोर से बोलना शुरू किया "सबसे पहले स्थानीय विधायक अजय चंद्राकर जो अमर्यादित बयान दे रहे हैं, उसके विरोध में यह थूकदान भेंट करेंगे।” कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चंद्राकर पर किसानों और छत्तीसगढ़ की संस्कृति का अपमान करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। भाजपा कार्यालय में मौजूद विधायक के समर्थक भी विरोध में शोर मचाने लगे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धक्का मारना शुरू किया। उसके बाद वहां मारपीट और गालीगलौज होने लगी। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कार्यालय से बाहर निकालकर विधायक को सुरक्षा घेरे में ले लिया। एक मीडिया संस्थान ने ये बताया कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अति उत्साह में पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर को अपना कांग्रेसी गमछा भेंट करने की कोशिश की। इसी बीच एक कार्यकर्ता ने जबरन भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के सिर में अपना गमछा डाल दिया। उसके बाद वहां मौजूद बीजेपी कार्यकर्ता भड़क गए। फिर दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई और जमकर शब्दों की बौछार हुई। फिर भाजपा कार्यकर्ताओं ने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को खदेड़ दिया। इसके पहले युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुरूद की सड़कों पर रैली निकाली थी। दोनों थ्योरी में कौन सी सही है ये तो जांच का विषय है।

अशिष्टता को विरोध नहीं कहा जाता- अजय चंद्राकर

पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि विरोध आवश्यक चीजें है। बिना विरोध पक्ष के लोकतंत्र होता नहीं है, लेकिन अशिष्टता को विरोध नहीं कहा जाता। छत्तीसगढ़ के कुरुद में आपसी भाई चारे का बहुत महत्वपूर्ण स्थान है। राजनीति करते हुए भी हम उसे बनाए रख सकते हैं, लेकिन कुछ युवक ऐसे थे, जो अशिष्ट थे। ये उनकी अशिष्टता थी विरोध प्रदर्शन नहीं था। इसीलिए देश में कांग्रेस में सिमट रही है।

अफगान सेना की तरह सरेंडर कर देगी कांग्रेस

पिछले सप्ताह रायपुर में भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने एक बयान दिया था। इसमें उन्होंने कहा था कि अभी एक शब्द निकला है तो इतना हंगामा है। चुनाव के समय और हथियार निकलेंगे तो क्या होगा। अमेरिका के हटने पर जैसे अफगानिस्तान की सेना ने समर्पण कर दिया वैसे ही यह सरकार भी सरेंडर करके भागेगी। अजय चंद्राकर ने डी. पुरंदेश्वरी के बयान के लिए माफी मांगने से इंकार कर दिया था। उनका कहना था, उन्होंने थूक नहीं फूंक कहा था। वह बयान भी अपने लोगों के बीच दिया, इसलिए माफी मांगने का सवाल ही पैदा नहीं होता। बता दें कि जगदलपुर में आयोजित बीजेपी के चिंतन शिविर में डी. पुरंदेश्वरी ने कहा था कि, भाजपा कार्यकर्ता पलट कर थूक दें तो कांग्रेस सरकार का पूरा मंत्रिमंडल बह जाएगा। जिसे कांग्रेस ने मुद्दा बना लिया है। भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पर सफाई भी दी थी। कहा था कि डी. पुरेंदेश्वरी दक्षिण भारतीय है, इसलिए उन्होंने अनजान में फूंक को थूक कह दिया।

 मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुरंदेश्वरी के बयान को किसानों व छत्तीसगढ़िया का बताया था अपमान

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत 9 मंत्रियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर डी. पुरंदेश्वरी के बयान को किसानों और छत्तीसगढ़ियों का अपमान बताया था। उसके बाद से ही कांग्रेस पार्टी आंदोलित है। इस दौरान भाजपा का बयान पर सफाई नहीं आने पर सवाल उठाया था। इसके बाद ही अजय चंद्राकर ने थूक को फूंक बताया। इस सफाई के बाद भी कांग्रेस 5 सितंबर को जगह-जगह डी. पुरंदेश्वरी और दूसरे नेताओं के पुतले जलाए गए। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता भाजपा सांसदों और विधायकों को थूकदान भेंट कर रही है। यह भी पढ़े डी पुरंदेश्वरी के विवादित टिप्पणी, कहा- भाजपा के कार्यकर्ता पीछे मुड़कर थूकेंगे तो बह जाएगा कांग्रेस का मंत्रिमंडल, सीएम भूपेश का पलटवार, बोले- आसमान पर थूकोगे तो… यह भी पढ़े- ‘थूकने’ वाले बयान पर बवाल : डी पुरंदेश्वरी के बचाव में BJP, अजय चंद्राकर ने दी सफाई, कहा- पुरंदेश्वरी दक्षिण भारतीय, फूंक का उच्चारण हुआ गलत… यह भी पढ़े-  डी पुरंदेश्वरी के बिगड़े बोल पर सीएम भूपेश समेत मंत्रियों को आपत्ति, कहा- घृणित बयान पर प्रदेशवासियों से मांगे माफी यह वीडियो देखें-