उत्तराखंड, कर्नाटक के बाद गुजरात के सीएम की विदाई, मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने दिया इस्तीफा

नई दिल्ली। गुजरात से एक बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री विजय रुपाणी (Vijay Rupani) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वह राज्यपाल से मिलने पहुंचे और अपना इस्तीफा उन्हें सौंप दिया। उनके साथ उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल भी राज्यपाल के पास गए थे। विजय रुपाणी के इस्तीफे के बाद गुजरात में राजनीतिक हलचल तेज हो गई हैं।  इस्तीफा देने के बाद विजय रुपाणी ने कहा कि मैं बीजेपी को आभार व्यक्त करता हूं। रुपाणी ने पार्टी आलाकमान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का विशेष मार्गदर्शन मिलता रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में गुजरात ने नए आयामों को छुआ है। पिछले पांच सालों में मुझे भी योगदान करने का जो अवसर मिला, उसके लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी जी का आभार व्यक्त करता हूं।'' उन्होंने कहा कि ''मेरा मानना है कि गुजरात के विकास की यह यात्रा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक नए उत्साह, ऊर्जा के साथ नए नेतृत्व में आगे बढ़नी चाहिए और यह ध्यान रखकर मैंने पद से इस्तीफा दिया है।'' मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब नए नेतृत्व के साथ बीजेपी गुजरात में अगला चुनाव लड़ने जा रही है। पिछले कुछ महीनों से विपक्ष राज्य में बीजेपी को कड़ी टक्कर दे रही है। कोरोना वायरस की दूसरी लहर समेत कई मुद्दों को पार्टी ने जोर-शोर से उठाते हुए रुपाणी सरकार को घेरा है, जबकि कांग्रेस ने भी पिछले गुजरात चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया था। इसके बाद से ही कांग्रेस कार्यकर्ता भी लगातार गुजरात में सक्रिय होकर मुद्दों को उठाते रहे हैं। विजय रुपाणी के बाद नया मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसके बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। गुजरात में कुछ सालों को छोड़कर साल 1995 से ही गुजरात में ज्यादतर बीजेपी की सरकार रही है। बता दें कि गुजरात में अगले साल दिसंबर 2022 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, लेकिन चुनाव से पहले विजय रुपाणी का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया जाना काफी अहम माना जा रहा है। इससे पहले बीजेपी ने कुछ राज्यों में अपने मुख्यमंत्रियों को बदला है। उत्तराखंड में तो कुछ महीने के अंतराल में दो बार मुख्यमंत्रियों को बदला दिया। हाल ही में कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से येदियुरप्पा ने भी अपना इस्तीफा सौंपा है। पार्टी ने येदियुरप्पा की जगह बसवराज बोम्मई को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी दी है। उत्तराखंड में तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री पद से हटाकर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने पुष्कर सिंह धामी को नया मुख्यमंत्री बनाया था। उत्तराखंड में भी अगले साल ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। यह भी पढ़े- छत्तीसगढ़ में 2023 विधानसभा की तैयारी : कांग्रेस के 10 नेता भाजपा में शामिल, दिल्ली में डी पुरंदेश्वरी ने दिलाई पार्टी की सदस्यता यह वीडियो देखें-