छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर, नाले में बहने से दो युवक की मौत, एक की चप्पल के चलते गई जान...

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से नदी नाले उफान पर है। वहीं इस बारिश में बहने से दो युवकों की मौत की खबर है. दोनो ही घटनाएं कांकेर जिले की बताई जा रही है। इसमें एक युवक की मौत चप्पल के चलते हो गई। वहीं दूसरे युवक की पानी के बहाव में फंसी बाईक को जब पुलिस ने निकाला तब पता चला कि इस हादसे में भी युवक की मौत हो गई है। कोरर के किशनपुरी में दो दिन पहले नाले में बहे ग्रामीण युवक की लाश घटना स्थल से 6 किमी दूर मंगलवार को परसोदा के निकट मिली। नाला पार करने के दौरान युवक पुनाराम कुलहरिया (35) की चप्पल बह गई थी। जिसे पकड़ने वह नाला में कूद गया था। जिससे वह भी बह गया था। युवक को तलाश करने पुलिस ने एनीकट को खाली करा दिया था। पानी कम होने से लाश किनारे पर आ गई। शव को बरामद कर उसका पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया। रविवार को कोरर क्षेत्र के किशनपुरी में बरसाती नाले को पार करने के दौरान ग्रामीण पुनाराम कुलहरिया निवासी किशनपुरी बह गया। वह अपने ससुराल पोटगांव जाने निकला था। नाला पार करने के दौरान उसकी चप्पल तेज बहाव के कारण बह गई। जिसे वापस पाने के लिए वह नाले में छलांग लगा दी थी। दूसरी घटना कच्चे पुलिस चौकी की है। चौकी से महज 100 मीटर आगे अंधे मोड़ पर स्थित पुलिया के नीचे मंगलवार सुबह एक बाइक देखी गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब तलाशी तो वहां पानी में डूबी हुई युवक की लाश भी मिली। मामला प्रथम दृष्टया सड़क हादसे का है। पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा उसे परिजनों को सौंप मामले की जांच शुरू की है। मिली जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार युवक सियाराम मरकाम 19 वर्ष निवासी कस्तूर मेटा नारायणपुर अपने दोस्त को बाइक से सोमवार को दल्लीराजहरा छोड़ने गया था। वहां से वापस आने के दौरान कच्चे चौकी के पास पुलिया से टकराकर बाइक समेत नीचे गिर गया। नाले में पानी होने से युवक उसमें डूब गया।

यह भी पढ़े- सावधान : वॉट्सएप हैक कर रहे साइबर ठग, करीबियों से मांग रहे पैसे, जानें बचने के तरीके…

यह वीडियो देखें-