खरोरा। प्रदेशभर में बुधवार को पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। इसी तरह ब्लॉक कांग्रेस खरोरा के कार्यकर्ताओं ने भी मरकाम का जन्मदिन केक काटकर हर्षोल्लास से मनाया। इस मौके को यादगार बनाने के लिए वरिष्ठ कांग्रेसियों को पौधा वितरण किया गया। वहीं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ विश्वनाथ मिश्रा ने वरिष्ठ कांग्रेसियों को श्रीफल और प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही सौरभ विश्वनाथ मिश्रा ने मोहन मरकाम के शुभकामना स्वरूप पौधारोपण कर उसकी देखभाल करने का संकल्प भी कराया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष उधोराम वर्मा ने कहा कि पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम जिस उत्साह से प्रदेश कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे हैं, उसी उत्साह से सौरभ विश्वनाथ मिश्रा भी ब्लॉक कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की इसी मेहनत की बदौलत 2023 के चुनाव में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। इस कार्यक्रम में खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, स्थानीय विधायक अनीता योगेंद्र शर्मा सहित हजारों की संख्या में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सदस्य शामिल हुए।