जी एंटरटेनमेंट और सोनी पिक्चर्स के विलय का ऐलान, खबर से शेयर में आया उछाल

मुंबई। मनोरंजन के क्षेत्र में एक बड़ी साझेदारी होने की खबर सामने आई। जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के साथ मर्जर (विलय) की घोषणा की है। अब जी एंटरटेनमेंट का सोनी पिक्चर्स में विलय होगा। कंपनी ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी कि सोनी 1.57 अरब डॉलर यानी करीब 11,500 करोड़ रुपए का निवेश करेगा। विलय के बाद इसके पास 52.93 फीसदी की नियंत्रक हिस्सेदारी होगी। वहीं जी लिमिटेड के शेयरधारकों के पास 47.07 फीसदी हिस्सेदारी होगी। निवेश की रकम का इस्तेमाल ग्रोथ के लिए किया जाएगा। जी लिमिटेड के बोर्ड ने विलय के लिए मंजूरी दे दी है। पुनीत गोयनका मर्जर के बाद बनने वाली कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बने रहेंगे। दोनों कंपनियों के टीवी कारोबार, डिजिटल एसेट्स, प्रोडक्शन ऑपरेशंस और प्रोग्राम लाइब्रेरी को विलय किया जाएगा। दोनों कंपनियों के बीच नॉन-बाइंडिंग अग्रीमेंट का करार हुआ है। डील का ड्यू डिलिजेंस अगले 90 दिनों में पूरा होगा। मौजूदा प्रमोटर फैमिली जी के पास अपनी हिस्सेदारी को 4 फीसदी से बढ़ाकर 20 फीसदी तक करने की पूरी स्वतंत्रता होगी। विलय का प्रस्ताव शेयरधारकों को उनकी मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा। बता दें कि जी टीवी जैसे ब्रांडों के साथ टीवी प्रसारण और डिजिटल मीडिया में उपस्थिति रखने वाला जी, बोर्ड से सीईओ पुनीत गोयनका के बाहर निकलने सहित प्रबंधन में फेरबदल के लिए शीर्ष निवेशकों के दबाव में है। जी के बोर्ड ने कहा कि उसने 'इस डील के लिए न केवल वित्तीय पैरामीटर्स का मूल्यांकन किया है, बल्कि रणनीतिक वैल्यू पर भी गौर किया है, जो नए साझेदार के आने से मिलेगी।' जी एंटरटेनमेंट के शेयर में उछाल जी एंटरटेनमेंट के शेयर में बुधवार को जोरदार उछाल आ रहा है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर यह 281.20 के स्तर पर खुला। सुबह 10.11 बजे यह 62.10 अंक (24.29 फीसदी) के जोरदार उछाल के साथ 317.75 के स्तर पर पहुंच गया। पिछले सत्र में यह 255.65 पर बंद हुआ था। मौजूदा समय में कंपनी का बाजार पूंजीकरण 29972.89 करोड़ रुपए है।