रायगढ़। लैलूंगा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मदन मित्तल और उनकी पत्नी अंजू देवी की हत्या कर दी गई है। परिजनों ने सुबह दोनों की लाश बिस्तर में देखी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं. पुलिस के मुताबिक, दोनों के मुंह पर तकिया रखकर उनकी हत्या की गई है। कमरे में लूटपाट के कोई निशान नहीं मिले हैं इसलिए हत्या आपसी रंजिश के चलते की गई होगी। दो दिन पहले ही मदन का मोबाइल भी घर से चोरी हुआ था। इसकी शिकायत भी थाने में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने एक ड्राइवर को हिरासत में लिया है। एल्डमैन मदन मित्तल (55) बुधवार रात 10 बजे तक शहर में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दुर्गा पूजा का चंदा इंकट्ठा कर रहे थे। घर वालों ने बताया कि मदन रात को करीब 10.30 बजे घर पहुंचे थे। इसके बाद उनकी बहू ऋचा ने उन्हें खाना खिलाया था। खाने खिलाने के बाद ऋचा रात 11 बजे ऊपर अपने कमरे में चली गई थी। मदन और उनकी पत्नी नीचे बने कमरों में रहते हैं, जबकि उनका बेटा रोहित उसकी पत्नी और दो बच्चे ऊपर की मंजिल में रहते हैं। रोहित सुबह उठकर सबसे पहले नीचे आया। यहां उन्होंने अपने माता-पिता के रूम का दरवाजा खुला देखा। अमूमन दरवाजा बंद रहता है इसलिए उन्हें कुछ अजीब लगा। वह कमरे के अंदर गए। वहां मदन और उनकी पत्नी अंजू देवी मित्तल(54) की लाशें बिस्तर में पड़ी हुई थी। यह नजारा देख रोहित की चीख निकल गई। उन्होंने अपनी पत्नी और पड़ोसियों को आवाज दी। फिर इसकी सूचना लैलूंगा पुलिस को दी गई। लैलूंगा पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। घटनास्थल से डॉग दौड़ते हुए गायत्री मंदिर तक पहुंचे। इसके बाद वे आगे नहीं गए। मदन मित्तल की राइस मिल है। इसके अलावा उनके दूसरे व्यापार भी हैं। पहले समझा जा रहा था, कि यह वारदात लूट के लिए की गई है। लेकिन मदन मित्तल के बेटे और दूसरे रिश्तेदारों ने किसी भी कीमती चीज या पैसों के चोरी नहीं होने की बात कही। इससे पुलिस का शक अब आपसी रंजिश की ओर है। घटना से पूरे लैलूंगा में शोक की लहर फैल गई है. घटना की जानकारी मिलने पर लैलूंगा विधायक चक्रधर सिदार भी मौके पर पहुंच गए हैं. इसके साथ ही अग्रवाल समाज ने घटना को देखते हुए श्री अग्रसेन जयंती के सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं.