बीजापुर। जिले में एक चलती बस में शुक्रवार सुबह गोली चल गई। इससे एक सीआरपीएफ जवान की मौके पर ही मौत हो गई। गोली जवान की ही राइफल से चली है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, ट्रिगर अचानक दबने के कारण यह घटना हुई है। इसमें एक अन्य जवान के भी घायल होने की खबर है। जवान के शव को आवापल्ली अस्पताल में लाया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में अन्य यात्री भी सवार थे। बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जानकारी के अनुसार, उसूर से करीब 10 किमी दूर गलगम में हाल ही में सुरक्षाबलों का कैंप स्थापित किया गया है। सीआरपीएफ 229वीं बटालियन के एक दर्जन से ज्यादा जवान शुक्रवार सुबह कैंप से उसूर पहुंचे और वहां से कुशवाहा ट्रैवेल्स की बस में सवार होकर किसी काम से बीजापुर जिला मुख्यालय आ रहे थे। इसी बीच बस में सवार जवान त्रिलोक सिंह की राइफल का ट्रिगर दब गया। गोली त्रिलोक सिंह के सिर में लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उसूर से करीब 12 किमी दूर आवापल्ली में बीच बस्ती में हुआ है। हादसे में एक अन्य जवान राजेन्द्र के घायल होने की भी खबर सामने आ रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर सीआरपीएफ व पुलिस के अधिकारी भी पहुंच गए हैं। बंद फैक्ट्री में पुलिस ने मारा छापा, करोड़ों की चांदी और तांबा जब्त, एक कारोबारी गिरफ्तार वीडियो