रायपुर। बलात्कार के अपराधी आसाराम बापू आश्रम के केयर टेकर को राजधानी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक, आसाराम बापू के आश्रम के इस केयर टेकर पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपी का नाम हरीश कुमार सेन है। बता दें कि आशाराम के रायपुर आश्रम का नाम लवकुश है।
पुलिस पिछले कुछ दिनों से रायपुर में नाइट चेकिंग अभियान चला रही है। थाना तेलीबांधा की एक टीम रात्रि गश्त पर थी। टीम चौराहों और गलियों में अड्डा जमाकर बैठने वाले गुंडे-बदमाशों की धरपकड़ कर रही थी। तभी पुलिस को सूचना मिली कि लवकुश वाटिका जो कि आशाराम बापू का आश्रम है, वहां एक आदमी देशी कट्टा लिए घूम रहा है। ये भी पता लगा कि कट्टे के दम पर वो कुछ लोगों को धमका भी चुका है। फौरन टीम वहां पहुंच गई।
आश्रम के लोगों से पूछताछ करने पर वहां 32 साल का हरीश सेन मिला। इसकी तलाशी लेने पर देशी कट्टा मिला। इसके पास से एक गोली भी मिली।
कट्टे की बनावट देखकर पुलिस को शक है कि बंगाल या यूपी से लाया गया होगा। आरोपी से अवैध हथियार के बारे में बारीकी से पूछताछ जारी है। थाने में हरीश के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला भी दर्ज किया गया है।