रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में सियासी घमासान के बीच संगठन में बड़ा बदलाव हुआ है। निगम मंडल व आयोग में जगह पाने वाले नेताओं की संगठन से छुट्टी कर दी गई है। इसमें मीडिया के खास चेहरे शैलेश नितिन त्रिवेदी की छुट्टी कर दी गई है। इसके बदले में सुशील आनंद शुक्ला को संचार विभाग प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बता दें कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने एक सूची जारी की है, जिसमें कई बड़े चेहरों को संगठन से हटा दिया है। 4 जिलों के नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति भी की गई है। सत्ता में जगह पा चुके लोगों को महत्वपूर्ण पदों से किनारा किया किया है। एक व्यक्ति एक पद को तरजीह दी गई है। गिरीश देवांगन, अटल श्रीवास्तव, भानू प्रताप सिंह और पद्मा मनहर को उपाध्यक्ष पद से हटा दिया है।
चारों नेता के बदले में पीआर खुंटे, अंबिका मरकाम, अरुण सिंघानिया और वाणी राव को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं प्रदेश महासचिव में वासुदेव यादव, अमरजीत चावला और सुमित्रा घृतलहरे की नियुक्ति की गई है। 4 जिलों के अध्यक्ष भी बदले गए हैं। इनमें भिलाई शहर, कोरबा ग्रामीण, बिलासपुर और जांजगीर चांपा शामिल है। कोरबा ग्रामीण में सुरेंद्र जायसवाल, भिलाई शहर में मुकेश चंद्राकर, बिलासपुर शहर में विजय पांडेय, और जांजगीर चांपा में राघवेंद्र सिंह को अध्यक्ष बनाया गया है।
इसे लेकर पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी नवनियुक्त पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष एवं संचार विभाग के नवनियुक्त अध्यक्ष जी को मैं बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। आप लोगों की सक्रियता और अनुभव संगठन को नई मजबूती देगी।