छत्तीसगढ़ की शालाओं में 'वैष्णव जन' और 'रघुपति राघव' का होगा नियमित गान, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया ऐलान
छत्तीसगढ़ की शालाओं में 'वैष्णव जन' और 'रघुपति राघव' का होगा नियमित गान, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया ऐलान
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनकी पुण्य तिथि और सरदार वल्लभ भाई पटेल को उनकी जयंती पर बड़ी घोषणा की है। बघेल ने छत्तीसगढ़ की शालाओं में बापू के प्रिय भजन 'वैष्णव जन' तथा 'रघुपति राघव' के नियमित गान का ऐलान किया है। इसकी जानकारी उन्होंने ट्वीट कर दी।ट्वीटर पर लिखाृ महात्मा गांधी जी, इंदिरा गांधी जी एवं सरदार वल्लभ भाई पटेल जी को श्रद्धांजलि स्वरूप छत्तीसगढ़ की शालाओं में बापू के प्रिय भजन 'वैष्णव जन' तथा 'रघुपति राघव' के नियमित गान का निर्णय लिया गया है। इससे राष्ट्रीय एकता व समरसता की भावना भी मजबूत होगी। आइए हम इन्हें जन जन तक पहुंचाएं।
https://twitter.com/bhupeshbaghel/status/1454666047265468418
श्रद्धा सुमन अर्पित किया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहाँ अपने निवास कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न इंदिरा गांधी की पुण्य तिथि और देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और गृहमंत्री स्वर्गीय सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
भारत का परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनना प्रमुख उपलब्धि
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने आजीवन गरीबों और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए प्रयास किया और देश की एकता और अखण्डता की रक्षा के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर दिया। उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी राजनीतिक दूरदर्शिता और कुशलतापूर्वक नेतृत्व से वैश्विक पटल पर भारत को प्रतिष्ठापूर्ण स्थान दिलाया। उनके हरित क्रांति कार्यक्रम की सफलता ने देश को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाया। इंदिरा गांधी बचपन से ही देश के स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय रहीं । बांग्लादेश का उदय, भारत का परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनना उनकी प्रमुख उपलब्धियां थी।