राहुल द्रविड बने टीम इंडिया के हेड कोच, BCCI ने की घोषणा

राहुल द्रविड बने टीम इंडिया के हेड कोच, BCCI ने की घोषणा (Rahul Dravid appointed head coach Team India, BCCI announced) स्पोर्ट्स डेस्क। टी-20 वर्ल्डकप में भारतीय टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बीच बीसीसीआई ने बड़ा फैसला लिया है। पूर्व क्रिकेटर राहुल द्रविड़ को भारतीय टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है। बीसीसीआई ने बुधवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। द्रविड न्यूजीलैंड दौरे में टीम के साथ जुड़ेंगे। विश्व कप के बाद इंडिया कीवी टीम के साथ सीरीज खेलेगी। 

रवि शास्त्री का कार्यकाल खत्म

दरअसल, टी-20 वर्ल्ड कप के बाद मौजूदा कोच रवि शास्त्री का कार्यकाल खत्म हो जाएगा। उनके सहयोगी स्टाफ का भी कार्यकाल खत्म होगा। बीसीसीआई काफी समय से राहुल द्रविड़ के साथ बात कर रही थी, लेकिन राहुल ने यह जिम्मेदारी संभालने से इनकार कर दिया। हालांकि, कुछ वक्त पहले UAE में हुई एक बैठक के बाद राहुल द्रविड़ ने मुख्य कोच के पद के लिए आवेदन किया था। अब उन्हें टीम इंडिया का मुख्य कोच नियुक्त कर दिया गया है।

टीम इंडिया का कोच बनना गर्व की बात- राहुल द्रविड

भारतीय टीम के कोच बनने के बाद राहुल द्रविड़ ने बयान जारी किया है। द्रविड़ ने कहा कि टीम इंडिया का कोच बनना बेहद ही गर्व की बात है। रवि शास्त्री की अगुवाई में टीम इंडिया ने बेहतरीन काम किया है, जिसे मैं आगे ले जाने की कोशिश करूंगा। मैंने कई खिलाड़ियों के साथ इंडिया ए, अंडर-19 और NCA में काम किया है, ऐसे में उनके साथ काम करने में मज़ा आएगा। अगले दो साल में बड़े इवेंट्स हैं, सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ मिलकर हम गोल पूरा करने की कोशिश करेंगे।

द्रविड की गिनती महानतम खिलाड़ियों में- सौरव गांगुली

बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भी इस मौके पर बयान जारी किया। सौरव गांगुली ने कहा है कि राहुल द्रविड़ का हम स्वागत करते हैं, बतौर खिलाड़ी उनका रिकॉर्ड शानदार है और उनकी महानतम खिलाड़ियों में गिनती होती है। एनसीए के हेड के तौर पर उन्होंने शानदार काम किया है। हमें उम्मीद है कि वो भारतीय क्रिकेट को ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। 

राहुल द्रविड़ से बेहतर कोई नहीं- जय शाह 

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने  कहा कि इस जॉब के लिए राहुल द्रविड़ से बेहतर कोई नहीं हो सकता था, हमें इससे काफी खुशी है। अगले दो साल में दो वर्ल्डकप हैं, ऐसे में पूर्व भारतीय कप्तान बिल्कुल सही चॉइस हैं।