IND vs NZ : टीम इंडिया ने किया क्लीन स्वीप, आखिरी मैच में न्यूजीलैंड को बुरी तरह से हराया...
IND vs NZ : टीम इंडिया ने किया क्लीन स्वीप, आखिरी मैच में न्यूजीलैंड को बुरी तरह से हराया...
स्पोर्ट्स डेस्क। कोलकाता ईडन गार्डन्स के आखिरी टी-20 मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 73 रनों से हरा दिया। तीन मैचों की सीरीज 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 184 रनों का बड़ा स्कोर बनाया। कप्तान रोहित शर्मा 56 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए मिचेल सेंटनर ने 3 विकेट चटकाए। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने 185 रनों का पीछा करते हुए एक बार फिर से फैंस को निराश किया। पूरी टीम 17.2 ओवर के खेल में 111 रन पर ऑलआउट हो गई। मार्टिन गुप्टिल (51) को छोड़ कोई भी खिलाड़ी अच्छी पारी नहीं खेल सका। भारत की जीत में अक्षर पटेल 3 और हर्षल पटेल ने 2 विकेट चटकाए। इंडिया को क्लीन स्वीप करने में मदद करने वाले अक्षर पटेल को मैन ऑफ द मैच दिया गया।
न्यूजीलैंड ने अच्छी शुरुआत की
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी रही। 13 गेंदों पर मार्टिन गुप्टिल और डेरिल मिचेल ने पहले विकेट के लिए 21 रन जोड़े। दीपक चाहर के गेंद पर कई बाउंड्री लगाई। इस साझेदारी को अक्षर पटेल ने मिचेल (5) को आउट कर तोड़ा। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर अक्षर ने मार्क चैपमैन (0) को विकेट की पीछे ऋषभ पंत के हाथों स्टंप आउट कराया। अक्षर ने अपनी घातक गेंदबाजी को जारी रखा। अगले ही ओवर में ग्लेन फिलिप्स (0) का विकेट चटकाया। एक के बाद एक 3 विकेट गंवाने के बाद न्यूजीलैंड की पारी को मार्टिन गुप्टिल ने संभाला।
गुप्टिल ने 51 रन की पारी खेली
चौथे विकेट के लिए गुप्टिल ने टिम साइफर्ट के साथ 35 गेंदों पर 39 रन जोड़े। लगातार बड़े शॉट खेल रहे गुप्टिल (51) की पारी पर ब्रेक पर युजवेंद्र चहल ने लगाया। टिम साइफर्ट (17) रन बनाकर रन आउट हुए। हर्षल पटेल ने जिमी नीशम (3) को आउट कर भारत को छठी सफलता दिलाई। कप्तान मिचेल सेंटनर भी कुछ खास नहीं कर सके और (2) रन बनाकर ईशान किशन की डायरेक्ट हिट पर रन आउट हुए। NZ का सातवां विकेट वेंकटेश अय्यर ने एडम मिल्ने (7) को आउट कर हासिल किया।मार्क चैपमैन 31 T-20I पारियों के बाद पहली बार शून्य पर आउट हुए। ग्लेन फिलिप्स दूसरी बार T-20I बिना खाता खोले आउट हुए।
टीम इंडिया की शानदार बल्लेबाजी
टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और ईशान किशन ने 38 गेंदों पर 69 रन जोड़े। यह जोड़ी कीवी टीम के लिए खतरनाक साबित हो रही थी, लेकिन मिचेल सेंटनर ने ईशान (29) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। चार गेंदों के बाद ही सेंटनर ने सूर्यकुमार यादव (0) का विकेट चटकाया। कप्तान सेंटनर ने अगले ही ओवर ऋषभ पंत (4) को आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया।
रोहित शर्मा ने 27 गेंद पर फिफ्टी की पूरी
रोहित शर्मा ने शानदार बैटिंग करते हुए 27 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। हालांकि, वह अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा सके और 56 रन बनाकर ईश सोढी की गेंद पर आउट हुए। न्यूजीलैंड को 5वीं सफलता ट्रेंट बोल्ट ने वेंकटेश अय्यर (20) को आउट कर दिलाई। वेंकटेश के आउट होने के दो गेंदों के बाद ही एडम मिल्ने ने श्रेयस अय्यर (25) को आउट कर मैदान से बाहर भेजा। हर्षल पटेल (18) के स्कोर पर हिट-विकेट आउट हुए। अंतिन ओवर में दीपक चाहर ने 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 19 रन बनाए।