हंसिया से बड़े भाई की हत्या, मां-बहन की जान बची, आरक्षक घायल
हंसिया से बड़े भाई की हत्या, मां-बहन की जान बची, आरक्षक घायल
बिलासपुर। जिले में एक नशेड़ी ने मंलगवार को अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। आरोपी ने इसके बाद अपनी मां और बहन को मारने के लिए दौड़ाया। दोनों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी ने पुलिस पर भी हंसिया से हमला कर दिया। हमले में एक आरक्षक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। काफी मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गुरुद्वारे से खाना लाने पर नाराजगी
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जरहाभाठा ओमनगर डल्ला गली में कुर्रे परिवार निवास करता है। परिवार में बड़ा भाई (40) मनोज कुर्रे छोटा भाई (30) विजय कुर्रे व बहन शशि कुर्रे के साथ ही इनकी मां रहती है। दोनों भाई कोई काम नहीं करते थे। मोहल्ले वासियों के अनुसार, ये दोनों नशे के भी आदि थे। बड़ा भाई मनोज कुर्रे रोज ही सिंधी कालोनी स्थित गुरुद्वारे से खाना ले आता था। इससे छोटा भाई विजय कुर्रे नाराज होकर आपत्ति जताता था। आज फिर बड़ा भाई मनोज कुर्रे रोज की ही तरह गुरुद्वारे से खाना ले कर घर पहुंचा, जिस पर छोटे भाई विजय कुर्रे ने नाराजगी जताते हुए कहा कि तुम रोज ही भिखारियों की तरह क्यों गुरुद्वारे से खाना ले आते हो, जबकि घर में बना खाना रोज खराब हो जाता है।
तवा से किया हमला
बड़े भाई ने कहा कि मुझे वहीं का खाना अच्छा लगता है इसलिए लाता हूं और तुम्हे इसमे कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। बड़े भाई का जवाब सुनाकर आगबबूला छोटे भाई विजय कुर्रे ने बड़े भाई मनोज कुर्रे पर पहले रोटी बनाने के तवा से हमला कर दिया। बीच बचाव करने आई मां को भी तवा से चोट आई है। इसके बाद विजय ने बड़े भाई मनोज को हसिया से ताबड़तोड़ वॉर कर मौत के घाट उतार दिया। हत्या से दहशत में आये घर में उपस्थित मां व बहन शशि कुर्रे ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
टीआई पर हंसिया से हमला
वारदात की सूचना मिलते ही टीआई सिविल लाइन सनिप रात्रे पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पहुंचे। घर के बैठक में मौजूद आरोपी विजय कुर्रे को टीआई ने समझाइश दी। टीआई ने आत्मसमर्पण करने को कहा। जिससे आक्रोशित होकर विजय कुर्रे ने अपने दोनों हाथों में दो हसिया लेकर चलाते हुए टीआई सनिप रात्रे पर हमला कर दिया। टीआई रात्रे हमला होते देख कर फुर्ती से अपने स्थान से खिसक गए जिससे उन्हें चोट नंही आई। आरोपी विजय कुर्रे ने दुबारा हंसिया फेक कर टीआई रात्रे पर हमला किया पर इस बार भी टीआई के अपने जगह से हटने पर उन्हें तो चोट नंही लगी पर उनकी जगह खड़े आरक्षक शिव जोगी के सर पर हंसिये से चोट लगी।
बलवा रोधी सामान मंगवाया
हमला होते देख पुलिस टीम ने एक निश्चित दूरी बनाते हुए आरोपी को घेर लिया। घेरने के बाद बलवा मॉक ड्रिल के लिये रखे गए सामानों से सुसज्जित सिपाहियों को व बलवा रोधी सामान मंगवाया गया। बलवा माक ड्रिल वाली जैकेट व हैलमेट पहन कर टीआई सनिप रात्रे एक बार फिर आरोपी की गिरफ्तारी को आगे बढे। इस बार भी आरोपी ने टीआई पर हंसिये से हमला किया पर इस बार उसका वॉर टीआई के बलवा माक ड्रिल वाली ड्रेस में टकरा कर रुक गया। फिर बाकी पुलिसकर्मियों ने आरोपी को दबोच लिया।