देश में बढ़ रहा कोरोना का ओमिक्रॉन वैरिएंट, दिल्ली में मिला दूसरा केस...
देश में बढ़ रहा कोरोना का ओमिक्रॉन वैरिएंट, दिल्ली में मिला दूसरा केस...
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। राजधानी दिल्ली में दूसरा केस मिला है। संक्रमित 35 वर्षीय व्यक्ति को लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसे केवल कमजोरी है। यह व्यक्ति जिम्बाब्वे से आया था और इसने साउथ अफ्रीका की भी यात्रा की थी। दिल्ली सरकार द्वारा अब उसके संपर्क में आए लोगों को भी ट्रेस किया जा रहा है। मरीज को कोविड टीके की दोनों डोज भी लग चुकी हैं।
एलएनजेपी अस्पताल में इलाज
एलएनजेपी अस्पताल को कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से संक्रमित रोगियों के इलाज के लिए नामित किया गया है। इससे पहले, रविवार को तंजानिया से दिल्ली लौटा 37 वर्षीय व्यक्ति ओमिक्रॉन संक्रमित पाया गया था। वह दिल्ली में ओमिक्रॉन का पहला मरीज था। उसका भी पूर्ण टीकाकरण हो चुका है।
देश में 33 मरीज, सरकार ने मास्क के इस्तेमाल पर किया आगाह
देश में ओमिक्रॉन वैरिएंट के मामले बढ़कर 33 हो गए हैं। केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट पर चिंताओं के बीच देश में मास्क का इस्तेमाल कम होने को लेकर शुक्रवार को आगाह किया। लोग जोखिम भरा और अस्वीकार्य व्यवहार कर रहे हैं।
महाराष्ट्र और गुजरात में केस
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, पुणे जिले में साढ़े तीन वर्षीय बच्ची समेत महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन वैरिएंट के सात नए मामले सामने आए हैं। यह बच्ची कोविड-19 के इस नए वैरिएंट से संक्रमित देश की सबसे कम उम्र की मरीज हो सकती है। सात नए मामलों में से चार पुणे जिले से हैं और ये सभी भारतीय मूल की नाइजीरिया से आई तीन महिलाओं के संपर्क में आए थे, जिनमें पहले इस संक्रमण की पुष्टि हुई थी। गुजरात में भी ओमिक्रॉन के दो नए मामले सामने आए हैं।